शिव कथा से पहले निकाली विशाल शोभायात्रा

By: Feb 14th, 2023 12:19 am

जय मां छिन्नमस्तिका धाम हरवाल में 108 कुंडली शिवशक्ति रुद्र महायज्ञ आज से

स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जय मां छिन्नमस्तिका धाम गांव हरवाल में 108 कुंडली शिवशक्ति रुद्र महायज्ञ का मंगलमय विशाल आयोजन किया जा रहा है। इसी के दृष्टिगत सोमवार को कथावाचक आचार्य नड्डा महाराज की अगवाई में विशाल एवं भव्य यात्रा का आयोजन किया गया जिसमें भक्तजनों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। उक्त शोभायात्रा हरवाल, ब्रह्मपुर एवं गोंदपुर बनेहड़ा से होते हुए वापस कथास्थल पहुंची। सुंदर झांकिया,ढोल की थाप पर नाचते गाते भक्त एवं 108 कलश उठाए महिलाएं शोभायात्रा को चार चांद लगा रहे थे। जबकि गांववासियों ने पुष्पवर्षा करके शोभायात्रा का स्वागत किया। महाराज ने बताया कि महादेव एकमात्र देव हैं जो हमें मुक्ति दे सकते हैं।

थोड़ी सी भक्ति करने से प्रसन्न होने वाले देव महादेव हैं। महादेव की कथा शांति देने वाली है। अगर आप अशांत हैं और शांति चाहते हैं तो भगवान महादेव की शरण में जाएं, आपको शांति अवश्य मिलेगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष राज ठाकुर ने बताया कि परम पूजनीय बाबा श्री फकीर चंद जी महाराज और घाटी वाले महाराज जी की याद में 108 कुंडली शिवशक्ति रुद्र महायज्ञ एवं श्री शिव कथा का आयोजन 14 से लेकर 20 फरवरी तक होगा। कथा के रसपान का समय प्रतिदिन दोपहर 12 से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। इस अवसर पर पूर्व जिला पार्षद सुशील कालिया, यशमेर सिंह, रिंकू,सजीव संधू, प्रदीप इत्यादि उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App