शाही जलेब… शान से निकले राजमाधव

By: Feb 20th, 2023 12:22 am

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज; अलौकिक नजारा, देव ध्वनियों से देवमयी हुई छोटी काशी

अमन अग्रिहोत्री — मंडी
हजारों की भीड़, जिसे जहां जगह मिली वह वहीं ठहर गया। पूरी तरह से भरी हुई सेरी सीढिय़ां और उपायुक्त कार्यालय से लेकर पड्डल तक दोनों तरफ खड़े हजारों लोग। पालकी में सवार में भगवान श्री कृष्ण राजमाधव की जब सवारी निकली तो हजारों लोगों ने पलकें व शीश झुका कर नमन किया। हर कोई पालकी में सवार भगवान राजमाधव की एक झलक पाने को बेकरार दिखा। देवधुनों पर पूरी मस्ती में अपनी धुन में नाचते देवलुओं को देखकर हर किसी का मन जलेब में नाचने को हो लिया और जब नजरें जलेब में शामिल मंडी के देवी-देवताओं पर गई तो हजारों लोगों के हाथ अपने आप देवताओं को प्रणाम करने के लिए जुड़ गए। सदियों से चली आर ही परंपरा के अनुसार एक वर्ष बाद फिर से ऐसा दुर्लभ नजारों मंडी के सेरी पर अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के आगाज पर बना। राजमाधव की पहली शाही जलेब के साथ ही अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज हो गया है। राजदेवता माधोराय की शाही जलेब प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिरकत की। वह मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली इस पावन अवसर मंडी पहुंचे और जलेब में शामिल होने से पहले राजदेवता माधोराय के मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद पूरी जलेब में देवताओं व राजमाधव के पीछे पैदल चले और लोगों से मिलते हुए अभिनंदन भी स्वीकार किया। इस बार की जलेब की विशेषता यह रही कि इसमें हिमाचली व मंडयाली संस्कृति का प्रतिनिधित्व करने वाले सांस्कृतिक दलों ने अपने-अपने क्षेत्र के परंपरागत पहनावे के साथ झूमते नाचते प्रतिनिधित्व किया, जिसमें बालीचौकी क्षेत्र के दल द्वारा मशहूर फागल़ी नृत्य के अलावा मुखौटा नृत्य, महिलाओं की नाटी के साथ साथ मंडी का नागरीय नृत्य की झलक भी जलेब में देखने को मिली अलावा प्रजापिता ब्रम्हकुमारी संस्था की ओर से शिवरात्रि को लेकर विशेष झांकी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की झांकी भी जलेब में शामिल की गई, जिसमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहीम का प्रचार किया।

मुख्यमंत्री ने पड्डल मैदान में ध्वजारोहण कर एक सप्ताह तक चलने वालने मेलों का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर, सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, प्रकाश चौधरी, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस जगदीश रेड्डी, सरकाघाट से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे पवन ठाकुर, विजय पाल आदि जलेब में शामिल हुए। पड्डल मैदान में इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। मेला कमेटी के अध्यक्ष उपायुक्त मंडी अरिंदम ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह, शाल और हिमाचली टोपी भेंटकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने शिवरात्रि स्मारिका का भी लोकार्पण किया। उत्तरी भारत में भव्य देव समागम के लिए विख्यात मंडी शिवरात्रि मेले 25 फरवरी तक जारी रहेंगे। मेलों का समापन्न राज्यपाल की ओर से किया जाएगा। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App