बर्फ देखने के मौसम में शिमला में छूट रहे पसीने

By: Feb 20th, 2023 12:21 am

राजधानी लगी तपने, रविवार को अधिकतम 21.6 तो न्यूनतम रहा 14.0 डिग्री सेल्सियस

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला
राजधानी शिमला में बर्फ देखने के मौसम में लोगों के पसीने छूट रहे है। यही कारण है कि शिमला की ओर सैलानी आने के बजाय अब किनारा करने लगे है। बढ़ते तापमान से अब शिमला में लोगों के पसीने छूट रहे है। रविवार को शिमला शहर में अधिकतम 21.6 तो न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री रहा है। कुफरी में अधिकतम तापमान 15.4 तो न्यूनतम 10.9, नारकंडा में अधिकतम 15.7 और न्यूनतम 8.0 और जुब्बड़हट्टी में अधिकतम तापमान 23.0 तो न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ऐसे में राजधानी शिमला में फरवरी में ही अप्रैल जैसे महीने की गर्मी महसूस होने लगी है। फरवरी में ही तापमान बढ़ गया है। इस कारण शिमला में अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटक कम हो गए हैं। इसका असर पर्यटन कारोबार पर सबसे ज्यादा देखने को मिला है। पर्यटन कारोबार हाल के दिनों में घटकर 30 से 40 प्रतिशत तक ही रह गया है। अभी तक शिमला शहर में बर्फ ही नहीं पड़ी है।

रविवार को शहर के रिज मैदान पर हल्के बादलों के बीच धूप खिली रही। पर्यटक कपड़ों में लिपटे दिखने के बजाय हाथ में गर्म कपड़े लिए घूमते नजर आते है। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि राजधानी शिमला सहित साथ लगते पर्यटन स्थलों में वीकेंड पर ही पर्यटक पहुंच रहे हैं। शिमला में पर्यटकों का स्टे काफी कम है, जिससे पर्यटन कारोबार प्रभावित हो रहा है। हिमाचल प्रदेश टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर एसोसिएशन ने इसको लेकर सरकार को ज्ञापन सौंपते हुए पर्यटकों के लिए इवेंट करवाने पर बल दिया है। शिमला में बर्फबारी के महीने फरवरी के बावजूद गर्मी यौवन पर आ गई है। शिमला में गर्मी पिछले रिकार्ड तोडऩे लगी है। 18 फरवरी को राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि इससे पहले वर्ष 2006 में 22.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था। वहीं 2016 में फरवरी में ही 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा था, लेकिन रविवार को शिमला शहर में तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App