खेल के मैदान से नशे पर चोट, हिमाचल में नशे के खात्मे को प्रदेश सरकार की बड़ी पहल

By: Apr 13th, 2026 12:05 am

ब्लॉक, जिला,राज्य स्तर पर होंगी खेलकूद प्रतियोगिताएं

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

युवा समावेशी विकास और देश की प्रगति के संवाहक हैं। युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य तथा नशा मुक्त एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा अनेक कदम उठाए गए हैं। युवाओं को नशे और मादक पदाथों के सेवन से बचाने के लिए राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्ष 2026-27 में ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’ आयोजित करने की बृह्द योजना तैयार की गई है। इसके तहत 12 करोड़ रुपए के अनुमानित व्यय से ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर खेलों हिमाचल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें वॉलीबाल, कबड्डी और क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेलों को शामिल किया जाएगा।

इन प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष के आयु वर्ग के लगभग 50 हजार युवा भाग लेंगे। ग्रामीण विकास, युवा सेवाएं एवं खेल, पुलिस तथा जिला प्रशासन द्वारा इन प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए एक स्पोट्र्स कैलेंडर भी तैयार किया जा रहा है। प्रदेश में नशे के दलदल में फंसे युवाओं को समाज की मुख्य धारा में जोडऩे के लिए राज्य में नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। सिरमौर जिला के कोटला बड़ोग में 20 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र निर्मित किया जा रहा है। नशे की तस्करी में संलिप्त बच्चों के ट्रायल के दौरान उन्हें ऑब्जर्वेशन होम में रखने का प्रावधान है। वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में कोटला बड़ोग में निर्मित हो रहे नशा मुक्ति केंद्र के समीप दो करोड़ रुपए की लागत से एक ऑब्जर्वेशन होम व स्पेशल होम स्थापित करने का प्रावधान रखा गया है।

तस्करी रोकने के लिए 1000 कांस्टेबल भरेंगे

मुख्यमंत्री द्वारा चिट्टे के विरुद्ध शुरू की गई मुहिम ने अब जन आंदोलन का रूप ले लिया है। प्रदेश भर में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित की गई एंटी चिट्टा वॉकथॉन में प्रदेश के लोगों ने बढ़़-चढक़र भाग लिया। एंटी चिट्टा मुक्त हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में 1000 अतिरिक्त कांस्टेबलों की भर्ती की जाएगी। प्रदेश में एक हजार 214 ऐसे व्यक्तियों की पहचान की गई है, जिनके पास अवैध रूप से अतिक्रमित भूमि पर निर्मित संपत्तियां पाई गई हैं। इनमें से 950 संपतियों का सीमांकन पूरा कर 12 को ध्वस्त तथा दो को सील कर दिया गया है। 2025 में 23 करोड़ 93 लाख की अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्तियों को जब्त किया गया है।

चिट्टा तस्करी में संलिप्त 17 पुलिस कर्मी बर्खास्त

चिट्टे की तस्करी में सलिप्त पुलिस विभाग के 17 कर्मियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक व कानूनी कार्रवाई कर उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया हैै। इसके अतिरिक्त राज्य में नशे संबंधी मामलों में संलिप्त 105 सरकारी व अन्य कर्मचारियों के विरूद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर उनके विरूद्ध विभागीय व बर्खास्तगी कार्रवाई जारी है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा मादक पदार्थ चिट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे जन अभियान को भारी जन समर्थन मिल रहा है। सभी के सामूहिक प्रयासों से हिमाचल प्रदेश से नशे के उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए किए जा रहे सशक्त प्रयास निश्चित तौर पर नशा उन्मूलन में दूरगामी भूमिका निभाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App