श्रेया ठाकुर फैमिना ‘मिस इंडिया’ टॉप-8 में, मिस हिमाचल-2025’ की रह चुकी हैं रनरअप

By: Apr 19th, 2026 9:52 pm

‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ के मेगा इवेंट ‘मिस हिमाचल-2025’ की रनरअप रह चुकी हैं सुजानपुर की बेटी

स्टाफ रिपोर्टर— हमीरपुर

‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ के मेगा इवेंट ‘मिस हिमाचल-2025’ की रनरअप रहीं सुजानपर की श्रेया ठाकुर ने ‘फैमिना मिस इंडिया’ के टॉप-8 में जगह बनाई है। उन्होंने ‘फैमिना मिस इंडिया’ में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार उपलब्धि हासिल की। ‘फैमिना मिस इंडिया’ का आयोजन भुवनेश्वर में हुआ। इसमें देश भर की 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें से पहले टॉप-15 का चयन हुआ। उसके बाद टॉप-आठ को सिलेक्ट किया गया। इसमें श्रेया ठाकुर भी शामिल रहीं। श्रेया ठाकुर पारिवारिक पृष्ठभूमि की बात करें तो वह जिला हमीरपुर के सुजानपुर स्थित छोटे से गांव थाती की रहने वाली हैं। श्रेया के पिता सुरेश कुमार पूर्व सैनिक हैं और वर्तमान में प्राइवेट सेक्टर में कार्यरत हैं।

उनकी माता सुरेंद्रा कुमारी गृहिणी हैं। उन्होंने पहली बार ‘मिस इंडिया फैमिना’ के लिए अप्लाई किया था, जिसके दिल्ली में ऑडिशन हुए थे। इन ऑडिशन में देशभर से 300 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। उसके बाद मुंबई में ऑडिशन हुए, जिसमें श्रेया का टॉप-पांच में सिलेक्शन हुआ। श्रेया ठाकुर ने बताया कि अब तक का सफर काफी चुनौतियों भरा रहा है। वह फैमिना ‘मिस इंडिया’ के टॉप-8 में जगह पाकर गौरवांवित महसूस कर रही है।

‘मिस हिमाचल-2025’ प्रगति शर्मा ने श्रीनयनादेवी के दरबार में नवाया शीश

स्वारघाट। ‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ के मेगा इवेंट ‘मिस हिमाचल-2025’ की विजेता प्रगति शर्मा ने श्रीनयना देवी मंदिर में पहुंचकर माता के दर्शन किए और सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रगति शर्मा ने वर्ष 2025 में ‘मिस हिमाचल’ का खिताब जीता था। खास बात यह रही कि जिस दिन उन्होंने यह खिताब जीता था, उसी शुभ अवसर की वर्षगांठ मनाने के लिए वह माता श्रीनयना देवी के दरबार में पहुंचीं। मंदिर परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रगति शर्मा ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य अपने प्रदेश हिमाचल का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी मातृभूमि से बेहद लगाव है और यहां के लोगों का स्नेह व आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App