कैडेट्स को बताए आग से बचाव के तरीके

By: May 15th, 2026 12:44 am

एनसीसी कैडेट के लिए फायर फाइटिंग पर प्रशिक्षण कार्यक्रम, दी जरूरी जानकारी
स्टाफ रिपोर्टर-बनीखेत
एनसीसी एटीसी कैंप-218 के तहत गुरुवार को नौ एचपी बटालियन एनसीसी डलहौजी-चंबा के कैडेट्स के लिए फायर फाइटिंग विषय पर विशेष व्याख्यान एवं प्रायोगिक प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान फायर पोस्ट बनीखेत की टीम ने कैडकेट को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसका उददेश्य कैडेट्स को अग्नि सुरक्षा उपायों, आपातकालीन प्रतिक्रिया, बचाव कार्य तथा आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना रहा। प्रशिक्षण सत्र के दौरान कैडेटस को अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग, आग लगने की घटनाओं से बचाव, सुरक्षित निकासी के उपाय, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई तथा आग पर प्रभावी नियंत्रण संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।

साथ ही व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से उन्हें वास्तविक परिस्थितियों से निपटने के तरीके भी सिखाए गए। कैंप के सायंकालीन सत्र में कंपनीवार रस्साकशी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से कुल 486 एनसीसी कैडेट्स लाभान्वित हुए। कर्नल जेएस कौशल ने फायर पोस्ट बनीखेत की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम कैडेट्स में अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन तैयारी और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर कर्नल बलेश्वरजीत सिंह सिद्धू, सूबेदार सुरिंद्र सिंह नेगी, सूबेदार राज कुमार राणा, फायरमैन बाली राम व नरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी, एएनओ तथा बटालियन कार्यालय डलहौजी-चंबा के पीआई स्टाफ भी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App