146 CBSE स्कूलों को Counselling आज से

By: May 5th, 2026 12:06 am
hpu

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

हिमाचल में सीबीएसई में कन्वर्ट किए गए सरकारी स्कूलों को लेकर पहले चरण में 146 स्कूलों के लिए ही टीचर नियुक्त करने के लिए काउंसिलिंग होगी। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के माध्यम से ली गई स्क्रीनिंग परीक्षा में आवेदन की तिथि के दिन 146 स्कूलों के लिए ही सरकार ने सीबीएसई में डालने की अनुमति दी थी, इसलिए इस संख्या को काउंसिलिंग के लिए भी उतना ही लेना पड़ा है। हालांकि राज्य सरकार ने अब तक का कुल 158 स्कूलों को सीबीएसई में कन्वर्ट किया है। इनमें से कांगड़ा जिला के टटैहल और हमीरपुर जिला के जलाड़ी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में जमीन मापदंडों के अनुसार कम होने के कारण सीबीएसई से एफीलिएशन नहीं आई है। पहले चरण में भेजे गए 146 स्कूलों की एफीलिएशन आ गई है, लेकिन कुल 156 स्कूलों के लिए शिक्षा विभाग को चयन प्रक्रिया से टीचर चाहिए। इसलिए स्कूल शिक्षा विभाग दोबारा से भी स्क्रीनिंग टेस्ट ले सकता है। इस बारे में फाइल अनुमति के लिए राज्य सरकार को भेजी गई है। इस पर निर्णय अभी होना है। स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा ली गई अध्यापकों की परीक्षा से करीब 6200 पद भरने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इन में प्रिंसीपल से लेकर जेबीटी तक के पद शामिल हैं।

इसके बाद टीचर्स की कमी को राज्य चयन आयोग से आने वाले 2668 पदों से भरा जाएगा। अब तक पीजीटी और जेबीटी का रिजल्ट आ गया है। राज्य सरकार के माध्यम से चल रहे सीबीएसई स्कूलों में प्राइमरी विंग को पांच जेबीटी आवश्यक रूप से दिए जा रहे हैं। चाहे इनमें पढऩे वाले बच्चों की संख्या कम हो। भर्ती की प्रक्रिया 15 दिन में कंप्लीट करने का टारगेट रखा गया है। वहीं सीबीएसई में कन्वर्ट किए गए राज्य के सरकारी स्कूलों में नए प्रिंसीपल लगाने के लिए काउंसिलिंग मंगलवार से शुरू होगी। यह काउंसिलिंग स्कूल शिक्षा निदेशालय लालपानी में ही की जाएगी। हालांकि टीचर्स की काउंसिलिंग के लिए स्कूलों में भी अलग-अलग केंद्र बनाए गए हैं। यह स्क्रीनिंग परीक्षा हिमाचल प्रदेश स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने ली थी और रिजल्ट स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया था। काउंसिलिंग में शिक्षकों को ऑनलाइन ऑप्शन भी दिया जाएगा, क्योंकि बहुत से टीचर पंचायत और शहरी निकाय चुनाव की ड्यूटी पर हैं।

बीएड परीक्षाओं के परिणाम घोषित

शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय एचपीयू द्वारा मार्च 2026 में आयोजित बीएड परीक्षाओं के परिणाम सोमवार को घोषित कर दिए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने सभी संबंधित छात्रों को सूचित किया है कि वे अपने-अपने आईडी के माध्यम से ऑनलाइन परिणाम देख सकते हैं। जारी परिणामों के अनुसार बीएड -रेगुलर बैच- प्रथम सेमेस्टर (फ्रेश) का पास प्रतिशत 99.57 प्रतिशत रहा, जबकि री-अपीयर श्रेणी में यह 100 प्रतिशत दर्ज किया गया। तीसरे सेमेस्टर फ्रेश में 99.46 प्रतिशत छात्र सफल हुए, जबकि री-अपीयर में यह आंकड़ा 73.68 प्रतिशत रहा। वहीं बीएड (एनुअल) जनवरी बैच के प्रथम सेमेस्टर (फ्रेश) का पास प्रतिशत 95.13 प्रतिशत रहा, जबकि री-अपीयर श्रेणी में सभी छात्र सफल रहे और परिणाम 100 प्रतिशत रहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App