डलहौजी में सैलानियों के लिए सुविधाएं कम
पर्यटक नगरी में नगर परिषद चुनावों के बीच पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाएं कम होना बड़ा मुद्दा
स्टाफ रिपोर्टर-डलहौजी
पर्यटक नगरी डलहौजी में नगर परिषद चुनावों के बीच इस बार पर्यटकों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की कमी बड़ा चुनावी मुद्दा बनकर उभरी है। शहर में हर वर्ष हजारों पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन इसके बावजूद कई आवश्यक सुविधाओं का अभाव पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों और बाजारों में सार्वजनिक शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। जो सुविधाएं मौजूद हैं, उनकी स्थिति भी संतोषजनक नहीं बताई जा रही। इसके अलावा आधुनिक पर्यटन सूचना केंद्र जैसी सुविधाओं की कमी भी लंबे समय से महसूस की जा रही है।
पर्यटकों का कहना है कि प्राकृतिक सुंदरता के बावजूद शहर में मूलभूत सुविधाओं की कमी उनके अनुभव को प्रभावित करती है। स्थानीय व्यापारियों और होटल व्यवसायियों का मानना है कि यदि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलें, तो उनका ठहराव बढ़ेगा। इससे स्थानीय कारोबार को भी लाभ होगा। शहर के चुनावी माहौल में अब यह मुद्दा प्रमुखता से उठने लगा है। लोग बोले कि नगर परिषद शहर में आधुनिक सार्वजनिक शौचालय, पर्याप्त पार्किंग, बैठने के स्थान, बेहतर सफाई व्यवस्था और सूचना केंद्र जैसी सुविधाओं को विकसित किया जाए ताकि डलहौजी में पर्यटकों और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर करो विकसित
स्थानीय लोगों की मांग है कि नगर परिषद शहर में आधुनिक सार्वजनिक शौचालय, पर्याप्त पार्किंग, बैठने के स्थान, बेहतर सफाई व्यवस्था और सूचना केंद्र जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करे ताकि डलहौजी की छवि एक व्यवस्थित और पर्यटक हितैषी शहर के रूप में मजबूत हो सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
