मिसाल: करवाल पंचायत निर्विरोध निर्वाचित

By: May 16th, 2026 12:02 am

पंचायत में प्रधान, उपप्रधान सहित सात वार्ड मेंबरों का निर्विरोध चयन, कई उम्मीदवारों ने वापस लिया नाम

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
सलूणी विकास खंड की ग्राम पंचायत करवाल में प्रधान व उपप्रधान सहित सात वार्ड मेंबरों को निर्विरोध चुन लिया गया है। इसके साथ ही करवाल पंचायत प्रदेश सरकार की ओर से प्रतिनिधियों के निर्विरोध चयन पर 25 लाख रुपए के पुरस्कार की हकदार भी बन गई है। जिला चंबा में पंचायत प्रतिनिधियों के निर्विरोध चयन के लिए करवाल पहली पंचायत बन गई है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत करवाल का प्रधान पद इस बार अनुसूचित जाति वर्ग की महिला के लिए आरक्षित था। इसके लिए तीन महिला उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की थी। इनमें पुरी देवी पत्नी मनोज कुमार, बोबी देवी पत्नी हरीश कुमार व रीनू देवी पत्नी अजय कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया था।

शुक्रवार को पुरी देवी व रीनू देवी ने बोबी देवी के समर्थन में अपना नामांकन पत्र वापिस ले लिया। इसके साथ ही बोबी देवी ग्राम पंचायत करवाल की निर्विरोध प्रधान चुन ली गई। पंचायत उपप्रधान पद के लिए दो उम्मीदवार सुरेंद्र कुमार व संजय कुमार मैदान में उतरे थे। मगर संजय कुमार के नाम वापिस लेने पर सुरेंद्र कुमार को सर्वसम्मति से उपप्रधान चुन लिया गया। करवाल पंचायत के इसके अलावा ग्राम पंचायत करवाल के सात वार्डो में नगाली वार्ड से देवराज, संध्वार वार्ड से राम देई, बिहाली वार्ड से पूजा देवी, टिक्कर वार्ड से नंद लाल, करवाल वार्ड से छांगी देवी, तोगा वार्ड से सोनू व किल्बह वार्ड से वीना देवी का एकमात्र नामांकन होने से विजेता घोषित किया गया है।

एआरओ के बोल…
ग्राम पंचायत करवाल के एआरओ वीर सिंह ने बताया कि करवाल पंचायत का निर्विरोध चयन हुआ है। इसके लिए ग्राम पंचायत करवाल के लोग बधाई के पात्र हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App