ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने के निर्देश

By: May 22nd, 2026 12:49 am

किन्नौर में सडक़ सुरक्षा नियमों के सख्त पालन पर जोर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रिकांगपिओ
जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक उपायुक्त डाक्टर अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित की गई। बैठक के दौरान उन्होंने किन्नौर जिले में बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने पर बल दिया, ताकि बहुमूल्य जानों को बचाया जा सके। उन्होंने जिला पुलिस विभाग को यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। डीसी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने तथा संवेदनशील स्थानों पर क्रैश बैरियर स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि जनजातीय जिले में सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने जिला परिवहन विभाग से समय-समय पर सडक़ सुरक्षा संबंधी जागरूकता शिविर आयोजित करने का आह्वान किया, जिससे आमजन तक सडक़ सुरक्षा का संदेश प्रभावी रूप से पहुंच सके। इसके अतिरिक्त, उन्होंने जिला पुलिस विभाग को शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि सडक़ सुरक्षा नियमों की अनुपालना सुनिश्चित हो सके।

एकता की शपथ दिलाई
रिकांगपिओ। उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आतंकवाद विरोधी दिवस की अध्यक्षता उपायुक्त किन्नौर डाक्टर अमित कुमार शर्मा ने की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जिसमें सामाजिक सौहार्द एवं विघटनकारी ताकतों का मुकाबला करने का संदेश दिया। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी निचार नारायण सिंह चौहान, उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कलथाईक सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App