मेडिकल कालेज चंबा को मिलेंगी अत्याधुनिक मशीनें

By: May 14th, 2026 12:02 am

जायका टीम ने मेडिकल कालेज की प्रयोगशालाओं का निरीक्षण कर जांची व्यवस्थाएं, अस्पताल की वीडियोग्राफी भी की

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी ‘जेआईसीए’ की चार सदस्यीय टीम ने बुधवार को पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज चंबा का दौरा कर व्यवस्थाएं जांची। इस निरीक्षण के दौरान टीम ने मेडिकल कालेज के विभिन्न विभागों और प्रयोगशालाओं का दौरा कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि नई आधुनिक मशीनों को स्थापित करने के लिए पर्याप्त स्थान और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। इसके लिए अस्पताल की वीडियोग्राफी भी की गई।

उल्लेखनीय है कि जायका परियोजना के तहत ट्रामा, नेत्र रोग, हड्डी रोग, चेस्ट एवं टीबी, पैथोलाजी, स्त्री रोग, शिशु रोग और रेडियोलाजी सहित कई विभागों को अत्याधुनिक मशीनें उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन मशीनों के आने से मरीजों को छोटी-छोटी जांच और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए टांडा, शिमला या बाहरी राज्यों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इससे पहले कई मरीजों को गंभीर बीमारियों की जांच और उपचार के लिए टांडा, शिमला, पठानकोट और चंडीगढ तक जाना पडता है। ऐसे में मेडिकल कलिेंज चंबा में आधुनिक मशीनों की स्थापना लोगों के लिए बडी राहत है। भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

भविष्य में मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद
मेडिकल कालेज चंबा के मीडिया समन्वयक डा. मानिक सहगल ने बताया कि मेडिकल कालेज चंबा में जायका टीम द्वारा विभिन्न विभागों और उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संभावित आधुनिक स्वास्थ्य उपकरणों की स्थापना को लेकर तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया गया। भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App