मेडिकल कालेज चंबा में नर्सिंग दिवस की धूम
पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कालेज में डा. प्रदीप सिंह ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
नगर संवाददाता-चंबा
पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल चंबा के जीएनएम स्कूल के सभागार हाल में अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस बडे धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल चंबा के चिकित्सा अधीक्षक डा. प्रदीप सिंह ने बतौर मुख्ययतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ आधुनिक नर्सिंग की संस्थापक फ्लोरेंस नाइटिंगेल की तस्वीर पर दीप प्रज्जवलित कर फूल माला अर्पित की गई। इसके उपरांत अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के महत्व के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि आधुनिक नर्सिंग की संस्थापक फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती पर मनाया जाता है।
इस मौके पर पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल चंबा के चिकित्सा अधीक्षक डा. प्रदीप सिंह ने यह दिन न केवल एक पेशे के रूप में नर्सिंग को मान्यता देता है बल्कि उन अनगिनत नर्सों के प्रति आभार व्यक्त करने का दिन है, जोकि निस्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा करती हैं। नर्सें किसी भी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र की रीढ़ होती हैं। वे डाक्टर की सलाह के साथ-साथ रात-दिन मरीजों की देखभाल करती हैं। वे मरीज की शारीरिक पीड़ा के साथ-साथ मानसिक चिंता को भी कम करने का काम करती हैं। आज के समय में चाहे वह महामारी का कठिन दौर हो या सामान्य समय नर्सें हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों की रक्षा करती हैं। इनके बिना स्वास्थ्य व्यवस्था की कल्पना करना भी मुश्किल है। कार्यक्रम का समापन केक काटने की रस्म के साथ हुआ। कार्यक्रम में नर्सिग प्रशिक्षओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। इस अवसर पर मैट्रन सुपरिडेंट, वार्ड सिस्टर सरोज, वार्ड सिस्टर रंजनी व नर्सिग स्टाफ सहित ककीरा नर्सिग कालेज और हिम नवोदय स्कूल प्रशिक्षुओं मौजूद रहीं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
