पवन पठानिया भरमौर मीट मार्केट के प्रभारी

By: May 15th, 2026 12:48 am

व्यापार मंडल भरमौर की बैठक में मणिमहेश यात्रा को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था, धार्मिक मर्यादा, व्यापार संचालन पर मंथन

नगर संवाददाता-भरमौर
चौरासी व्यापार मंडल भरमौर ने क्षेत्र के मीट एवं चिकन शाप व्यापारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी पवित्र मणिमहेश यात्रा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, धार्मिक मर्यादा तथा व्यापार संचालन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान पवन पठानिया को सर्वसम्मति से मीट मार्केट का प्रभारी नियुक्त किया गया बैठक में व्यापार मंडल की ओर से मीट व चिकन शाप व्यापारियों को निर्देश दिए गए कि भरमौर के 84 मंदिर सडक मार्ग एवं ओल्ड बस स्टैंड गेट के समीप स्थित मीट एवं चिकन की दुकानों के बाहर चिकन अथवा मीट संबंधी बोर्ड मंदिरों के सामने प्रदर्शित न किए जाएं ताकि धार्मिक आस्था का सम्मान बना रहे।

इसके अलावा भरमाणी जीरो प्वाईंट पर स्थित मीट की दुकानों को भी खुले में बकरा अथवा मीट न लटकाने की हिदायत दी गई। व्यापारियों से कहा गया कि दुकानों के आगे पर्दे की उचित व्यवस्था रखें तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान दें। बैठक में मीट एवं चिकन से निकलने वाले कचरे और अन्य अपशिष्ट पदार्थों के निस्तारण को लेकर भी चर्चा की गई। व्यापार मंडल ने सभी दुकानदारों को प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही कचरा निष्पादन करने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पडे। बैठक के दौरान समस्त दुकानदारों ने प्रशासन एवं व्यापार मंडल को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही दुकानदारों ने मांग उठाई कि मीट मार्केट क्षेत्र में आवारा विशेषकर कुत्तों की बढ़ती समस्या पर प्रशासन प्रभावी कदम उठाए ताकि बाजार क्षेत्र में स्वच्छता एवं व्यवस्था बनी रह सके।

ये-ये रहे मौजूद
इस अवसर पर व्यापार मंडल भरमौर के वरिष्ठ सदस्य देशराज शर्मा, जैसी राम ठाकुर, आजाद जर्यालल, व्यापार मंडल भरमौर के प्रधान महिंद्र पटियाल, कोषाध्यक्ष कालू शर्मा तथा प्रेस सचिव प्यार शर्मा सहित अन्य व्यापारी भी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App