छड़ी यात्रा के दौरान हर सुविधा का रखो ख्याल

By: May 14th, 2026 12:02 am

पांगी में मिंधला वासनी छड़ी यात्रा का 25 मई से होगा आगाज, आवासीय आयुक्त ने बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए निर्देश

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जनजातीय क्षेत्र पांगी के प्रसिद्ध शक्ति स्थल श्री देवी मिंधला वासनी माता की वार्षिक छडी यात्रा के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को मिनी सचिवालय किलाड के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता आवासीय आयुक्त पांगी अमनदीप सिंह ने की। उन्होंने बताया कि वार्षिक यात्रा 25 मई से आरंभ होगी, जोकि आगामी लगभग दो माह तक चलेगी। इस यात्रा के अंतर्गत 3 जून को छोटी छड़ी यात्रा तथा 12 जून को बड़ी छड़ी यात्रा का आयोजन किया जाएगा।

इस दौरान जम्मू और कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों से बडी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में आस्था के साथ पहुंचते हैं। बैठक के दौरान यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस अवसर पर आवासीय आयुक्त ने जल शक्ति विभाग को पेयजल व्यवस्था, बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सुविधाएं, गैस आपूर्ति विभाग को आवश्यक आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

ये-ये रहे मौजूद
बैठक में डीएफओ रवि गुलेरिया, तहसीलदार संदीप कुमार, एक्सईन बिजली बोर्ड सुनील चंदेल, एक्सईन जलशक्ति विभाग राम रत्न और विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा श्री देवी मिंधला वासनी पांच प्रजा समिति मंडल माता मंदिर कमेटी के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App