त्यारी पुल की हालत खराब, लोगों की आवाजाही रिस्की
लकड़ी के फट्टे और साइड रेलिंग टूटी, ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी से मरम्मत की मांग
निजी संवाददाता-होली
तहसील मुख्यालय स्थित त्यारी पुल की खराब हालत के चलते ग्रामीणों की आवाजाही काफी रिस्की होकर रह गई है। पुल के लकड़ी के फटटे और साइड रेलिंग पूरी तरह टूट चुके हैं। अब स्थिति यह है कि ग्रामीणों को जान हथेली पर लेकर पुल के आर-पार होना पड रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिनों के भीतर होली घाटी का सुप्रसिद्ध त्यारी मेला आरंभ होने वाला है। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग इस पुल के जरिए आवाजाही करते हैं। लोगों का कहना है कि यदि मेले से पहले पुल की मुरम्मत नहीं की गई तो यहां कोई भी बड़ी अनहोनी हो सकती है। लोक निर्माण विभाग की इस सुस्ती को लेकर क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि प्रशासन व लोक निर्माण विभाग की ये लापरवाही किसी की जान पर भारी पड़ सकती है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार फिलहाल उपलब्ध सीमित संसाधनों से ही पुल की पैच-रिपेयर (कामचलाऊ मरम्मत) की जाएगी। स्थानीय लोागें ने सरकार और उच्चाधिकारियों से मांग की है कि बजट का रोना रोने के बजाय मेले की महत्ता और सुरक्षा को देखते हुए तुरंत विशेष फंड जारी किया जाए और पुल की मुरम्मत कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
मरम्मत के लिए बजट नहीं
उधर, लोक निर्माण विभाग होली के कनिष्ठ अभियंता हेम राज ने कहा कि पुल की मुरम्मत के लिए वर्तमान में विभाग के पास जीरो बजट है। उन्होंने बताया कि पुल की मरम्मत के लिए जो लकडी के फटटे और अन्य सामग्री उपलब्ध है, वह न केवल कम है बल्कि खराब भी हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पुल मूल रूप से केवल पैदल यात्रियों के लिए है। लेकिन गांव के लोग यहां से भारी लोड वाली गाडियां गुजार रहे हैं, जिस कारण पुल की संरचना को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
