क्यूर डल झील गुमनामी के अंधेरे में

By: May 14th, 2026 12:02 am

अभी तक सडक़ सुविधा नहीं, लोगों ने सरकारसे झील को पर्यटन स्थल बनाने की लगाई गुहार

निजी संवाददाता-होली
तहसील होली की ग्राम पंचायत दियोल से मात्र चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित क्यूर डल गुमनामी के अंधेरे में है। इस स्थल का पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित कर युवाओं के लिए स्वरोजगार के द्धार खोलने की दिशा में कोई काम नहीं हो पाया है। क्यूर डल झील की भौगोलिक सुंदरता देखते ही बनती है। एक विशाल मैदान के बीचों-बीच स्थित यह शांत झील और इसके चारों ओर देवदार के घने जंगलों का पहरा यहां आने वाले किसी भी व्यक्ति को मंत्रमुग्ध कर सकता है। शांति और सुकून की तलाश करने वाले पर्यटकों के लिए यह एक आदर्श स्थल हो सकता है, लेकिन दुर्गम रास्ते और बुनियादी ढांचे की कमी इसकी राह में सबसे बड़ा रोडा हैं। स्थानीय जनश्रुतियों और मान्यताओं के अनुसार इस स्थान का धार्मिक महत्व कैलाश पर्वत से भी पुराना माना जाता है। बुजुर्गों का कहना है कि सदियों पहले भगवान भोलेनाथ कावास यहीं हुआ करता था और मणिमहेश भी यहीं स्थित था।

लोक मान्यता है कि क्यूर गांव के झील के समीप बस जाने के कारण वहां मानवीय हलचल बढ़ गई, जिससे भोले बाबा के ध्यान में बाधा उत्पन्न होने लगी। इस कारण उन्होंने यह स्थान छोडक़र कैलाश पर्वत की ओर प्रस्थान किया। हर साल जन्माष्टमी और राधाष्टमी के पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालु शाही स्नान के लिए क्यूर डल झील पहुंचते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ साल पहले यहां के लिए सडक़ निर्माण का कार्य शुरू होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन वन विभाग की क्लियरेंस न मिलने से सडक़ नहीं बन पाई। सडक न होने के कारण यहां तक पहुंचना आज भी एक बडी चुनौती है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश सरकार और प्रशासन इस ओर थोडा भी ध्यान दें तो क्यूर डल झील न केवल एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बनकर उभर सकती है बल्कि इससे स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के बेहतरीन अवसर भी मिल सकते हैं। होम-स्टे, गाइडिंग और स्थानीय हस्तशिल्प को बढावा देकर इलाके की आर्थिकी को बदला जा सकता है। स्थानीय निवासियों ने एक बार फिर सरकार से गुहार लगाई है कि इस अनछुए स्वर्ग की सुध ली जाए ताकि आस्था का यह केंद्र और प्रकृति का यह अनुपम उपहार दुनिया के सामने अपनी चमक बिखेर सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App