विश्व रक्तदान दिवस पर एमएम मेडिकल कालेज में लगा रक्तदान शिविर, 15 यूनिट रक्त संग्रहित
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
महर्षि मार्कंडेश्वर यूनिवर्सिटी कुमारहट्टी स्थित एमएम मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में सीआरपीएफ बटालियन धर्मपुर के सहयोग से विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को प्रोत्साहित करना था। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार अजय सिंघल मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ वाइस प्रिंसिपल डॉ. जेएस संधू, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डा. किरण कुमार सिंघल, डीन एकेडमिक्स डॉ. भारती क्वात्रा, डीन पीजी स्टडीज डा. संजीव उप्पल सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डा. तरुण संधू ने रक्तदान के चिकित्सकीय, सामाजिक एवं मानवीय महत्व पर जानकारी दी तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया। कार्यक्रम की थीम स्वैच्छिक रक्तदान को सामान्य जीवनशैली का हिस्सा बनाना रही। इस दौरान रंगोली, पोस्टर प्रदर्शनी और विद्यार्थियों की जागरूकता स्किट ने लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। सीआरपीएफ के स्वयंसेवकों और कालेज समुदाय के सहयोग से 15 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदान से पूर्व सभी दाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जांच की गई। कार्यक्रम में नशा विरोधी जागरूकता पर भी विशेष बल दिया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
