शिव तांडव गुफा कुनिहार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद, जयकारों से गूंज उठा भोलेनाथ का दरबार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुनिहार
कुनिहार में स्थित अनादि कालीन ऐतिहासिक शिव तांडव गुफा में आषाढ़ मास के पावन शुक्ल पक्ष और ज्येष्ठ सोमवार के महासंयोग पर आयोजित दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव सोमवार को विशाल भंडारे और महाप्रसाद वितरण के साथ संपन्न हो गया। गुफा विकास समिति एवं शंभू परिवार के सौजन्य से आयोजित इस भव्य समागम में कुनिहार सहित आसपास के क्षेत्रों और दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ के दरबार में शीश नवाया। रविवार से शुरू हुए इस धार्मिक अनुष्ठान की कडिय़ां सोमवार को अपने चरम पर पहुंचीं। सोमवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में गुफानाथ जी का विधि-विधान से पंचामृत स्नान करवाया गया, जिसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा का अलौकिक श्रृंगार किया गया। मुख्य पूजा और महायज्ञ की पूर्णाहुति के तुरंत बाद विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ, जो देर शाम तक निरंतर चलता रहा।
कतारों में खड़े श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ बाबा का प्रसाद ग्रहण किया। गुफा विकास समिति के अध्यक्ष राम रतन तंवर व उपाध्यक्ष अमरीश ठाकुर ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए समिति और स्थानीय वालंटियर्स द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रविवार को श्री रामचरितमानस के अखंड पाठ के साथ शुरू हुए इस उत्सव में दोनों दिन भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। समिति पदाधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए सभी क्षेत्रवासियों और शंभू परिवार का आभार व्यक्त किया है। इस दो दिवसीय महोत्सव का मुख्य आकर्षण सोमवार रात्रि ठीक 8 बजे आयोजित होने वाली भव्य एवं दिव्य महाआरती और भजन संध्या रही। सुरमई भजनों और शिव चालीसा की अमृत वर्षा के बीच जब बाबा की आरती उतारी गई, तो पूरी गुफा परिसर हर-हर महादेव और जय शिव शंभू के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। ऐतिहासिक शिव तांडव गुफा में कदम रखते ही श्रद्धालुओं को असीम मानसिक शांति की अनुभूति हुई और सभी ने सपरिवार इस अलौकिक समागम का हिस्सा बनकर पुण्य लाभ कमाया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
