सोलन बीडीसी में फिर लहराया भाजपा का परचम

By: Jun 17th, 2026 12:02 am

प्रोमिला बनीं अध्यक्ष, गोपाल को मिला उपाध्यक्ष पद, धरे रह गए कांग्रेस के दावे, संघर्ष समिति के समर्थन से भाजपा बहुमत में

निजी संवाददाता-सोलन
सोलन विकास खंड समिति (बीडीसी) में एक बार फिर से भाजपा का कब्जा हो गया है। वहीं, बड़े-बड़े दावे कर रही कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी है। मंगलवार को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए आयोजित चुनाव में जाबल जमरोट से चुनाव जीती प्रोमिला ने अध्यक्ष पद और धरोट से चुनाव जीते गोपाल को उपाध्यक्ष चुना गया। दोनों पदों का फैसला वोटिंग के माध्यम से हुआ। सोलन बीडीसी पर दोबारा काबिज होने के बाद भाजपा ने जीत का जश्न मनाया । जिलाध्यक्ष रतन सिंह पाल ने कहा कि यह जीत पार्टी की एकजुटता की जीत है। पिछले कई समय भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टियों के नेता सोलन बीडीसी पर कब्जा जमाने के लिए प्रयासरत थे। सोलन बीडीसी में कुल 17 सदस्य है। हालांकि चुनाव परिणामों के बाद किसी के पास जीत के लिए पर्याप्त 9 का आंकड़ा नहीं था लेकिन अंत में भाजपा ने संघर्ष समिति के सहयोग से चुनाव में बाजी मारी। मंगलवार को सुबह 11 बजे विकास खंड कार्यालय में चुनाव एसडीएम कंडाघाट गोपाल शर्मा की देखरेख में हुए।

भाजपा व कांग्रेस समर्थित बीडीसी सदस्य अपने-अपने नेताओं के साथ विकास खंड कार्यालय के निकट ही डटे रहे। चुनाव के लिए दोपहर करीब पौने एक बजे दोनों ही दलों के सदस्य चुनाव सभागार में गए और चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। चुनाव के लिए बाकायदा मतदान करवाया गया। भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के लिए प्रोमिला को चुनाव में उतारा गया, जबकि गोपाल को उपाध्यक्ष पद के लिए नोमिनेट किया गया। कांग्रेस ने पूनम ठाकुर को अध्यक्ष व हुकम चंद को उपाध्यक्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया। सभी सदस्यों द्वारा डाले गए मतों के बाद प्रोमिला के हक में 9 वोट पड़े जबकि पूनम को 7 व एक वोट रिजेक्ट हुआ। इस तरह प्रोमिला को विजयी घोषित किया गया। उपाध्यक्ष के लिए गोपाल को 10 वोट पड़े जबकि हुकम को 6 वोट पड़़े जबकि एक वोट रिजेक्ट हुआ। इस प्रकार गोपाल को विजयी घोषित किया गया। प्रोमिला कसौली निर्वाचन क्षेत्र से संबधित है और गोपाल सोलन निर्वाचन क्षेत्र से संबधित है। भाजपा नेताओं ने फार्मूला बनाया कि अध्यक्ष का पद कसौली को दिया जाए और उपाध्यक्ष का पद सोलन को दिया जाए। इस फार्मूला को सेट करने के लिए पूर्व मंत्री डा. राजीव सहजल, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डा, राजेश कश्यप, सोलन मंडलाध्यक्ष चंद्रकांत, धर्मपुर भाजपा अध्यक्ष मदन मोहन मेहता समेत अन्य नेताओं की अहम भूमिका रही। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डा. राजेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस का किला नगर निगम के बाद बीडीसी में भी ढह गया है। इसके लिए पार्टी का हर एक कार्यकर्ता बधाई का पात्र है। जीत के बाद पूर्व मंत्री डा. राजीव सहजल ने कहा कि यह बहुत बड़ा खुशी का पल ह कि कांग्रेस की सरकार होते हुए भाजपा ने बीडीसी पर कब्जा किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App