सोलन मंडी में चेरी ने तोड़े रिकॉर्ड

By: Jun 6th, 2026 12:46 am

350 रुपए किलो तक पहुंचा भाव, अदरक, लहसुन और लीची के दाम भी मजबूत
निजी संवाददाता-सोलन
कृषि उपज मंडी समिति सोलन की ताजा फल एवं सब्जी भाव सूची में चेरी सबसे महंगे फलों में शामिल रही। मंडी में चेरी का अधिकतम और औसत भाव 35,000 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया, जो करीब 350 रुपए प्रति किलो बैठता है। ऊंची मांग के चलते चेरी के दाम मजबूत बने हुए हैं। मंडी में सेब का औसत भाव 14,000 रुपए और अधिकतम 17,500 रुपए प्रति क्विंटल रहा। लीची 13,000 रुपए, अनार 12,000 रुपए और अंगूर 11,500 रुपए प्रति क्विंटल के औसत भाव पर बिके। आम, आड़ू, प्लम और खुबानी की भी अच्छी आवक दर्ज की गई।

सब्जियों में अदरक ने सबसे अधिक दाम हासिल किए। इसका औसत भाव 18,000 रुपए और अधिकतम 20,000 रुपए प्रति क्विंटल रहा। लहसुन 9,000 रुपए, मशरूम 10,000 रुपए, हरी फासबीन 8,200 रुपए और हरा धनिया 6,000 रुपए प्रति क्विंटल के औसत भाव पर बिका। टमाटर 1,500 रुपए, आलू 1,200 रुपए और प्याज 2,000 रुपए प्रति क्विंटल के औसत भाव पर कारोबार करता रहा। व्यापारियों के अनुसार गर्मी के मौसम और बढ़ती मांग के कारण चेरी, लीची और अनार के भाव ऊंचे बने हुए हैं। किसानों ने भी बेहतर कीमत मिलने पर संतोष जताते हुए कहा कि चेरी, अदरक और लहसुन जैसी फसलों के अच्छे दामों से आर्थिक राहत मिली है। मंडी समिति का कहना है कि आने वाले दिनों में आवक बढऩे के साथ कीमतों में बदलाव संभव है।
अच्छे दामों से किसानों के चेहरे खिले
किसानों ने बताया कि सोलन मंडी में फलों और सब्जियों के अच्छे दाम मिलने से उन्हें आर्थिक राहत मिली है। किसानों का कहना है कि चेरी, अदरक, लहसुन और अन्य मौसमी फसलों के बेहतर भाव मिलने से उनकी मेहनत का उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भी बाजार में मांग बनी रहेगी, जिससे उनकी आय में और बढ़ोतरी होगी। किसानों ने सरकार और मंडी प्रशासन से बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की, ताकि उनकी उपज सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच सके और उन्हें अधिक लाभ मिल सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App