Kangra Airport : विस्थापितों को बांटे 200 करोड़, विस्तारीकरण-पुनर्वास प्रक्रिया ने पकड़ी रफ्तार

By: Jun 17th, 2026 12:07 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी और महत्त्वाकांक्षी परियोजनाओं में शुमार कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण प्रोजेक्ट ने अब धरातल पर तेज रफ्तार पकड़ ली है। कांगड़ा जिला प्रशासन ने विस्थापित होने वाले परिवारों के पुनर्वास एवं पुनस्र्थापन आर एंड आर की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अब तक करीब 200 करोड़ रुपए की राशि प्रभावितों को जारी कर दी है। राज्य सरकार की आकर्षक वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी के तहत प्रभावित परिवारों को तेजी से राहत पहुंचाई जा रही है, जिससे इस मेगा प्रोजेक्ट के रास्ते की सभी बड़ी अड़चनें दूर होती नजर आ रही हैं। एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के चलते कांगड़ा और शाहपुर विधानसभा क्षेत्रों के 14 राजस्व गांव प्रभावित हुए हैं, जहां से करीब 1,200 परिवारों की लगभग 147 हेक्टेयर जमीन (123 हेक्टेयर निजी और 24 हेक्टेयर सरकारी) का अधिग्रहण किया गया है।

भू-अधिग्रहण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और करीब 80 प्रतिशत परिवारों को उनकी भूमि के बदले मुआवजा दिया जा चुका है। वर्तमान में सात गांवों के पात्र विस्थापितों को आर एंड आर पैकेज का लाभ मिल चुका है, जबकि शेष गांवों के प्रभावितों को चरणबद्ध तरीके से भुगतान किया जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा पेश की गई वन टाइम सेटलमेंट नीति विस्थापितों के लिए बेहद सुविधाजनक साबित हो रही है। इस नीति के तहत, प्रभावित परिवार अपने घर, दुकान या पशुशाला के बदले या तो नई जमीन का विकल्प चुन रहे हैं, या फिर एकमुश्त राहत राशि ले रहे हैं। जो 20 प्रतिशत मामले अभी लंबित हैं, वे मुख्य रूप से आपसी भूमि विवाद या दस्तावेजी औपचारिकताओं में कमी के कारण रुके हुए हैं, जिन्हें निपटाने के तुरंत बाद मुआवजा जारी कर दिया जाएगा। इस बड़े प्रोजेक्ट में कांगड़ा के बाग, बल्ला, बरस्वालकड़, भेड़ी, ढुगियारी खास, गगल खास, झिकली इच्छी, मुगरेहड़, सहौड़ा और सनौरा, जबकि शाहपुर क्षेत्र के रछियालु, जुगेहड़, भड़ोत और क्योडिय़ां गांव प्रभावित हो रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App