महाराणा प्रताप इंटरनेशनल स्कूल को एक करोड़
नगरोटा बगवंा के पठियार में महाराणा प्रताप जयंती पर सीएम सुक्खू ने किया ऐलान
दिव्य हिमाचल टीम- नगरोटा बगवां
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को नगरोटा बगवां के पठियार में महाराणा प्रताप इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें त्याग, स्वाभिमान, स्वतंत्रता और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक बताया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया तथा स्मृति-चिन्ह (स्मारिका) का विमोचन भी किया। कांगड़ा जिला के धर्मगिरि पठियार में महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक निर्भीक योद्धा ही नहीं, बल्कि दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता भी थे, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने हल्दीघाटी के युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि यह युद्ध आज भी साहस, बलिदान तथा स्वतंत्रता एवं सम्मान के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक बना हुआ है। समारोह में आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, विधायक आरएस बाली, केवल सिंह पठानिया, नीरज नैयर, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर एवं कृपाल परमार, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रतन, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, राजपूत कल्याण सभा के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर व स्थानीय लोग उपस्थित थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
