फोरलेन का अधूरा सफर पूरा करने आई 11 कंपनियां, अब कंपनियों के कार्य अनुभव, वित्तीय क्षमता की होगी जांच
पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ फोरलेन परियोजना के लिए खुली बिड, अब कंपनियों के कार्य अनुभव, वित्तीय क्षमता की होगी जांच
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — बीबीएन
करीब एक वर्ष से ठप पड़ी पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ फोरलेन परियोजना को लेकर महत्त्वपूर्ण प्रगति हुई है। परियोजना के शेष निर्माण कार्य के लिए प्राप्त 11 कंपनियों की बिड खुलने के साथ ही नई एजेंसी के चयन की प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गई है। एनएचएआई ने तकनीकी मूल्यांकन शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार परियोजना के शेष कार्य के लिए 16 जून को बिड दाखिल करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी, जबकि 17 जून को निविदाएं खोली गईं। बिड प्रक्रिया में देशभर की 11 निर्माण कंपनियों ने अपनी दावेदारी पेश की है। अब एनएचएआई इन कंपनियों के तकनीकी दस्तावेजों, कार्य अनुभव, वित्तीय क्षमता, मशीनरी संसाधनों और पात्रता मानकों की विस्तृत जांच कर रहा है। तकनीकी मूल्यांकन में सफल रहने वाली कंपनियों की वित्तीय बिड आगामी चरण में खोली जाएगी, जिसके बाद सबसे उपयुक्त एजेंसी का चयन किया जाएगा।
गौरतलब है कि पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ फोरलेन परियोजना पिछले लगभग एक वर्ष से ठप पड़ी हुई है। इससे पहले निर्माण कार्य कर रही एजेंसी करीब 45 प्रतिशत कार्य पूरा करने के बाद परियोजना से बाहर हो गई थी, जिसके बाद पूरा प्रोजेक्ट अधर में लटक गया। हाल ही में आईआईटी रुडक़ी ने परियोजना के लिए तैयार किए गए रिवर प्रोटेक्शन डिजाइन को मंजूरी दी है। एनएचएआई के अनुसार परियोजना के अधूरे हिस्से को पूरा करने के लिए संशोधित लागत लगभग 594 करोड़ रुपए निर्धारित की गई है। हाल की बारिश के दौरान भी परियोजना के कई हिस्सों में जलभराव और यातायात बाधित होने की स्थिति सामने आई थी। उद्योग संगठनों और क्षेत्रवासियों का मानना है कि फोरलेन परियोजना पूरी होने से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि यात्रा समय कम होगा और परिवहन लागत घटेगी।
तकनीकी मूल्यांकन के साथ नई एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू
एनएचएआई के साइट इंजीनियर दिनेश पुनिया ने बताया कि फोरलेन के शेष कार्य के लिए 11 कंपनियों ने बिड दाखिल की है। बिड खुलने के बाद तकनीकी मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तकनीकी मानकों पर पात्र पाए जाने वाले आवेदकों की वित्तीय बिड खोली जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई एजेंसी को कार्य आबंटित किया जाएगा।
इन कंपनियों ने लगाई बोली
बिड प्रक्रिया में एरेफ इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड, एमएस इन्फ्राइंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड, न्यू इंडिया कॉन्ट्रैक्टर्स एंड डिवेलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, आरकेसीपीएल लिमिटेड, भारत कंस्ट्रक्शंस (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, स्काइलार्क इन्फ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड, कलूवाला कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, बीआरएन इन्फ्रास्ट्रक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड, एचआरवाई कुंडू बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड, गणपति भारत प्राइवेट लिमिटेड तथा टीमैप प्रोजेक्ट्स एलएलपी ने भाग लिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
