औहर पंचायत में दो महीनों में 11 घरों में सेंधमारी

By: Jun 17th, 2026 12:02 am

बिलासपुर में पुलिस अधीक्षक को प्रधान और अन्य प्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन, सीसीटीवी लगाने का आग्रह

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- बिलासपुर
जिला बिलासपुर की औहर पंचायत क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और सेंधमारी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो महीनों के दौरान पंचायत के विभिन्न गांवों में चोरी और चोरी के प्रयास के 11 मामले सामने आने के बाद लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। औहर पंचायत प्रधान देशराज शर्मा की अगवाई में पंचायत प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि रात के समय कई स्थानों पर संदिग्ध लोग घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

पंचायत प्रधान देशराज शर्मा ने बताया कि पिछले दो महीनों में पंचायत क्षेत्र के कई गांवों में चोरों ने घरों को निशाना बनाया है। उन्होंने बताया कि 18 मई की रात दडय़ाणा गांव में बली राम, राहियां-पलाथीं में तुलसी राम तथा दडय़ाणा में ही सुरेश कुमार के घरों में चोरी का प्रयास किया गया। इसके बाद 22 मई की रात भजवाणी-रोपा में नंद लाल, भजवाणी में सुभाष शर्मा तथा कल्लर में बलबीर सिंह के घरों में सेंधमारी की कोशिश की गई। वहीं, 25 मई की रात औहर में सोहन लाल धीमान के घर को चोरों ने निशाना बनाया। प्रधान ने बताया कि 9 जून को भजवाणी में मदन चंदेल, सतीश कुमार और रमेश कुमार के घरों में चोरी का प्रयास हुआ, जबकि 10 जून को बड़ोआ गांव में बसंदी राम के घर पर भी ऐसी ही घटना सामने आई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है। कई परिवार अपने घरों और सामान की सुरक्षा के लिए रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। पंचायत प्रधान देशराज शर्मा ने कहा कि यदि समय रहते इन घटनाओं पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो भविष्य में कोई बड़ी वारदात हो सकती है। ज्ञापन के माध्यम से पंचायत ने पंचायत क्षेत्र में चार प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी उठाई है, ताकि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने पंचायत प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया भी की जा रही है। संदिग्धों की पहचान की जा रही है ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App