121 पैरा कर्मी बनेंगे जूनियर टेक्नीशियन, 48 पैरा फिटर और 73 पैरा पंप आपरेटर को तोहफा

By: Jun 15th, 2026 10:17 pm
Principal Promotion

जल शक्ति विभाग में आठ वर्ष की सेवा पूरी करने वाले 48 पैरा फिटर और 73 पैरा पंप आपरेटर को तोहफा

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

प्रदेश में जल शक्ति विभाग में कार्यरत पैरा फिटर और पैरा पंप आपरेटर को जूनियर टेक्नीशियन के पद पर तैनात किया जाएगा। आठ वर्ष की सेवा पूरी कर चुके पैरा कर्मियों को इसका लाभ मिलेगा। इसके लिए विभाग के 121 पैरा कर्मियों को पात्र पाया गया है। जल शक्ति विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय ने इस संबंध में सभी अधीक्षण अभियंताओं को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जारी हो गए हैं। जारी निर्देशों के तहत 31 दिसंबर, 2025 तक आठ वर्ष की नियमित सेवा पूरी कर चुके पात्र पैरा फिटरों को जूनियर टेक्नीशियन (फिटर) तथा पैरा पंप आपरेटरों को जूनियर टेक्नीशियन (पंप आपरेटर) के पदों पर शामिल करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। ये नियुक्तियां विभाग के मौजूदा भर्ती एवं पदोन्नति (आरएंडपी) नियमों के तहत निर्धारित कोटे के अनुसार की जाएंगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जूनियर टेक्नीशियन (फिटर) के पदों में 10 प्रतिशत कोटा पैरा फिटरों के लिए तथा जूनियर टेक्नीशियन (पंप आपरेटर) के पदों में 15 प्रतिशत कोटा पैरा पंप आपरेटरों के लिए निर्धारित है।

पात्र कर्मचारियों को संबंधित नियमों के तहत रिक्त पदों पर नियुक्त किया जाएगा। निर्देशों में कहा गया है कि पात्रता के लिए कर्मचारियों का 25 अगस्त, 2017 की नीति के तहत नियुक्त या कार्यरत होना तथा निर्धारित शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता पूरी करना आवश्यक होगा। इसके अलावा नियुक्ति प्रक्रिया में वरिष्ठता सूची का कड़ाई से पालन किया जाएगा। विभाग ने सभी जल शक्ति मंडलों और सर्किलों को पात्र कर्मचारियों के दस्तावेजों की जांच, सेवा अवधि का सत्यापन तथा अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि इसके लिए आवश्यकता पडऩे पर सर्किल स्तर पर समिति भी गठित की जा सकती है। विभाग की ओर से जारी किए गए निर्देशों के तहत प्रदेश भर में कुल 48 पैरा फिटर और 73 पैरा पंप आपरेटर ऐसे हैं, जिन्होंने 31 दिसंबर, 2025 तक आठ वर्ष की सेवा पूरी कर ली है और वे नियुक्ति प्रक्रिया के लिए पात्र हैं। इस आधार पर कुल 121 कर्मचारी जूनियर टेक्नीशियन पदों पर नियुक्ति के लिए पात्रता की श्रेणी में आए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App