15 करोड़ की योजना बुझाएगी प्यास
विधायक विवेक शर्मा ने किया निरीक्षण, लठियाणी की पांच पंचायतों को होगी आपूर्ति
कार्यालय संवाददाता-बंगाणा
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की बुधान ग्राम पंचायत के तुरकाल में लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से बन रही महत्वाकांक्षी पेयजल योजना का विधायक विवेक शर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों से पेयजल योजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त भी की। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि यह पेयजल योजना लठियानी जिला पार्षद वार्ड की सभी पंचायतों के लिए वरदान साबित होगी और क्षेत्र में पानी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। निरीक्षण के दौरान जल शक्ति विभाग मंडल थानाकला के अधिशाषी अभियंता हरभजन सिंह ने विधायक विवेक शर्मा को योजना की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है तथा पौने दो माह के भीतर योजना का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है।
विधायक विवेक शर्मा ने निर्माण कार्य की गति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की, उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र के लाठियांनी वार्ड के लोगों की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए यह योजना मील का पत्थर साबित होगी। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधार भूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अगले एक माह के भीतर इस योजना का शत-प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को नियमित और पर्याप्त पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी। इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
