इटरनल यूनिवर्सिटी में 19 कैडेट्स को मिले रैंक
एनसीसी के अलंकरण समारोह में योग्यता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के आधार पर मिली जिम्मेदारी, राष्ट्रसेवा का लिया संकल्प
नगर संवाददाता-राजगढ़
राजगढ़ स्थित इटरनल विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय कैडेट कोर इकाई द्वारा बुधवार को गरिमामय रैंक अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, संकाय सदस्यों, एनसीसी स्टाफ और कैडेट्स की उपस्थिति में 19 कैडेट्स को उनकी योग्यता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न रैंक प्रदान की गईं। समारोह में कैडेट हरिशिता को यूनिट की सर्वोच्च छात्र नेतृत्व रैंक सीनियर अंडर ऑफिसर (एसयूओ) से सम्मानित किया गया। वहीं कैडेट सुकृति और वंशिका चौहान को अंडर ऑफिसर तथा कैडेट निकिता को सार्जेंट की रैंक प्रदान की गई।
इसके अलावा सिमरन रावेश, सिमरन चौहान, वंशिका, एंड्रिया बिजू और श्रेया को कॉर्पोरल की जिम्मेदारी सौंपी गई। द्वितीय वर्ष के नौ अन्य कैडेट्स को भी उनकी नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारियों के आधार पर विभिन्न रैंक प्रदान की गईं। इस अवसर पर अधिष्ठाता अकादमिक डा. टीएस. बेनीपाल ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स को राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने और जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्राप्त रैंक केवल सम्मान नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। समारोह में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों और एनसीसी स्टाफ ने रैंक प्राप्त करने वाले कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
