18 राज्यों के 800 कलाकारों ने बिखेरे संस्कृति के रंग

By: Jun 11th, 2026 12:02 am

अखिल भारतीय कलाकार संघ के 71वें समारोह में सांस्कृतिक विरासत और कला की जीवंत परंपराओं का भव्य संगम

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
देश की विविध सांस्कृतिक विरासत और कला की जीवंत परंपराओं का भव्य संगम गुरुवार को शिमला के कालीबाड़ी मंदिर सभागार में देखने को मिला। अखिल भारतीय कलाकार संघ के 71वें वार्षिक समारोह एवं अखिल भारतीय नाटक और नृत्य प्रतियोगिता के समापन अवसर पर देशभर से आए कलाकारों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने की। राज्यपाल ने कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोडऩे और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का प्रभावी साधन है। कलाकार समाज की सांस्कृतिक पहचान के वाहक होते हैं और विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों तथा परंपराओं को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं। राज्यपाल ने कहा कि अखिल भारतीय कलाकार संघ देश के कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान कर रहा है।

रंगमंच, नृत्य और संगीत जैसी विधाओं के माध्यम से यह संस्था युवा प्रतिभाओं को आगे बढऩे का अवसर देने के साथ-साथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों से देश के विभिन्न हिस्सों से कलाकार यहां आकर अपनी कला का प्रदर्शन करते रहे हैं। इससे न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिला है, बल्कि भाईचारे और एकता की भावना भी मजबूत हुई है। समारोह में देश के 18 राज्यों से आए 800 से अधिक कलाकारों ने भाग लिया और अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने कला क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सतीश वर्मा और दिनेश खन्ना को प्रतिष्ठित बलराज साहनी पुरस्कार से सम्मानित किया। इससे पूर्व राज्यपाल ने कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। समारोह में अखिल भारतीय कलाकार संघ के अध्यक्ष रोहिताश गौड़, उपाध्यक्ष रेखा गौड़ सहित बड़ी संख्या में कलाकार, कला प्रेमी आदि उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App