गिरि योजना का 90 फीसदी काम पूरा
225 करोड़ की योजना से बदलेगी कसौली की तस्वीर, 55 हजार लोगों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कसौली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 225 करोड़ रुपए की पेयजल और सिंचाई योजनाओं का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में पेयजल एवं सिंचाई सुविधाओं में व्यापक सुधार आएगा और हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। वह बुधवार को कुमारहट्टी में आयोजित आभार सभा समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और जनप्रतिनिधियों की भूमिका गांवों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने आशा जताई कि सभी प्रतिनिधि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग देंगे। मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि 135 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित गिरि पेयजल आपूर्ति योजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
शेष कार्य भी लोगों के सहयोग से शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इस योजना के पूर्ण होने पर 17 ग्राम पंचायतों के लगभग 180 गांवों के 55 हजार लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि 4.50 करोड़ रुपए की लागत से बन रही पट्टा-बरावरी सिंचाई योजना का कार्य भी प्रगति पर है। इसके पूरा होने पर 10 गांवों की करीब 116 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। वहीं 1.15 करोड़ रुपए की लागत से हरिपुर सिंचाई योजना का निर्माण कार्य भी जारी है, जिससे आठ गांवों की 54 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि एशियन विकास बैंक के सहयोग से 38 करोड़ रुपए की पेयजल योजना और 47 करोड़ रुपए की परवाणू सीवरेज योजना पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। परवाणू सीवरेज योजना के प्रथम जोन का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे जोन का कार्य शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक विनोद सुल्तानपुरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
