इंस्टाग्राम पर दोस्ती, गली में शुरू हुआ आना-जाना, फिर 14 साल की बच्ची से दुष्कर्म

By: Jun 5th, 2026 1:24 pm

होशियारपुर। पंजाब में होशियारपुर जिला के पुरहीरां में इंडस्ट्रियल एरिया फोकल पॉइंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक ने 14 वर्षीय किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने की घटना सामने आई है। जांच अधिकारी निरीक्षक जसवीर कौर ने शुक्रवार को बताया कि नौवीं कक्षा की पीडि़ता छात्रा की कुछ समय पहले एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (इंस्टाग्राम) के माध्यम से दीपक कुमार नाम के आरोपी से दोस्ती हुई थी और दोनों ऑनलाइन बातचीत कर रहे थे। बाद में आरोपी ने उस गली में आना-जाना शुरू कर दिया, जहां लडक़ी रहती थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 20 मई को जब लडक़ी के माता-पिता काम पर गए हुए थे, आरोपी कथित तौर पर उसके घर आया और उसे अपने साथ ले गया। पुलिस के अनुसार वह उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां यह घटना हुई। पीडि़ता की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर इंडस्ट्रियल एरिया फोकल पॉइंट पुलिस ने दीपक कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोस्को) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। निरीक्षक कौर ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि आगे की जांच चल रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App