राजधानी में खेल, संस्कृति और पहाड़ी स्वाद का भव्य संगम

By: Jun 9th, 2026 12:01 am

समर फेस्टिवल में एंटी चिट्टा वालीबॉल से नशे के खिलाफ दिया संदेश, फ्लावर शो और रिज पर फन कैरेक्टर्स ने बढ़ाई रौनक
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव का सोमवार को भव्य और उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नगर निगम ग्राउंड संजौली में प्रथम एंटी चिट्टा अंतर जिला वालीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ कर पांच दिवसीय आयोजन की शुरुआत की। पहले ही दिन राजधानी शिमला खेल, संस्कृति, पर्यटन, पारंपरिक व्यंजनों और मनोरंजक गतिविधियों के रंग में सराबोर नजर आई। शहर के विभिन्न स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों ने भी बढ़-चढक़र भाग लिया।

ग्रीष्मोत्सव के पहले दिन सबसे अधिक आकर्षण एंटी चिट्टा अंतर जिला वालीबॉल प्रतियोगिता का रहा। युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। उद्घाटन मुकाबले में शिमला ब्लू ने ऊना को सीधे सेटों में 3-0 से हराया। दूसरे मुकाबले में हमीरपुर ने बिलासपुर को 3-0 से मात दी, जबकि तीसरे मैच में शिमला येलो ने किन्नौर को 3-0 से शिकस्त देकर जीत दर्ज की। रोटरी टाउन हॉल के समीप आयोजित फ्लावर शो ने भी लोगों को खूब आकर्षित किया। रंग-बिरंगे और दुर्लभ फूलों की सैकड़ों प्रजातियों से सजा यह शो पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। फूलों की खूबसूरती को कैमरों में कैद करने के लिए दिनभर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। ग्रीष्मोत्सव में बच्चों के लिए भी मनोरंजन की भरपूर व्यवस्था की गई थी। गोल्डन स्टैच्यू, पांडा, टेडी बियर और पोलर बियर जैसे फन कैरेक्टर्स बच्चों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बने रहे। बच्चे इनके साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आए।

पहाड़ी स्वाद महोत्सव में उमड़ी लोगों की भीड़
रानी झांसी पार्क में आयोजित शिमला पहाड़ी स्वाद महोत्सव भी लोगों की पहली पसंद बना रहा। यहां स्वयं सहायता समूहों और अन्य प्रतिभागियों द्वारा लगाए गए 13 स्टॉलों पर पारंपरिक हिमाचली व्यंजनों की भरमार रही। पर्यटकों ने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया, वहीं स्थानीय लोगों ने भी अपने पारंपरिक खान-पान से जुड़ी यादों को ताजा किया। अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा ने भी स्टॉलों का निरीक्षण कर महिलाओं द्वारा तैयार किए व्यंजनों की सराहना की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विभिन्न सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने जुम्बा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। पारंपरिक छम्म नृत्य ने हिमाचली संस्कृति की समृद्ध विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया। गेयटी थिएटर में प्रस्तुत सामाजिक सरोकारों पर आधारित नाटक ‘जहर’ ने भी दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। ग्रीष्मोत्सव के पहले दिन यह स्पष्ट दिखा कि आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल, संस्कृति, स्वास्थ्य, पर्यटन और सामाजिक जागरूकता का एक सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। आगामी दिनों में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं और अन्य आकर्षक गतिविधियों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App