टौणीदेवी के करसोह में भीषण अग्निकांड, लाखों की संपत्ति भस्म, भैंस भी झुलसी
हमीरपुर। विकास खंड टौणीदेवी की ग्राम पंचायत गुवारडू के करसोह गांव में शुक्रवार तडक़े हुए भीषण अग्निकांड में एक पशुशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस हादसे में पशुपालक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। वहीं पशुशाला में बंधी भैंस भी आग की चपेट में आने से झुलस गई, हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से उसकी जान बचा ली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करसोह गांव निवासी अमित कुमार पुत्र कमलेश कुमार की पशुशाला में शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे अचानक आग भडक़ उठी। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी पशुशाला इसकी चपेट में आ गई। इस दौरान अंदर बंधी भैंस भी आग में फंस गई थी, लेकिन ग्रामीणों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए उसे बाहर निकाल लिया। हालांकि भैंस के शरीर पर आग से झुलसने के निशान पड़ गए हैं। अमित कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग से पशुशाला में रखा सामान और अन्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पीडि़त परिवार ने प्रशासन और राजस्व विभाग से मामले का जल्द मौका निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने तथा राहत मैन्युअल के तहत उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
