स्मार्ट सिटी धर्मशाला में फव्वारा चौक का नया अंदाज
70 लाख की लागत से पुनर्विकसित फव्वारा चौक का मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया लोकार्पण
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को धर्मशाला स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 70 लाख रुपए की लागत से पुनर्विकसित फव्वारा चौक का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि फव्वारा चौक के पुनर्विकास का उद्देश्य कोतवाली बाजार में यातायात को सुचारु बनाना, क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखना तथा इसे एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है। परियोजना के तहत सडक़ के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध करवाने के लिए फव्वारे और शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा का पुर्नस्थापन किया गया है, जबकि रामलीला मंच और फव्वारा क्षेत्र को एकीकृत सार्वजनिक प्लाजा के रूप में विकसित कर भूमि के बेहतर उपयोग और यातायात प्रबंधन को सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने कहा कि नव विकसित फव्वारा चौक में पारंपरिक स्थानीय शैली की भिक्ति चित्रकारी, वैरिएबल मैसेजिंग सिस्टम, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, पर्याप्त बैठने की सुविधा तथा आकर्षक केंद्रीय फव्वारा स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक शहरी आधारभूत ढांचे के विकास की यह परियोजना राज्य सरकार के विकास केंद्रित दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करती है तथा इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, सांसद अनुराग शर्मा, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, धर्मशाला नगर निगम के पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष निशु मोंगरा, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रतन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
