आसमान से जन्नत का दीदार, सैलानियों की पहली पसंद बनी हिमाचल का यह नगरी

By: Jun 6th, 2026 1:55 pm

कार्यालय संवाददाता—पतलीकूहल

पर्यटन नगरी मनाली की ओर आने वाले सैलानियों के लिए रोमांच का एक और बड़ा आकर्षण बन चुका हॉट एयर बैलून इन दिनों फिर से उड़ान भरने लगा है। कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कटराईं क्षेत्र एक बार फिर हॉट एयर बैलून गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। कुछ समय पहले गैस की कमी के कारण यह कारोबार पूरी तरह ठप पड़ गया था, जिससे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को नुकसान उठाना पड़ा था। अब गैस की उपलब्धता सामान्य होने के बाद हॉट एयर बैलून संचालकों ने राहत की सांस ली है और कारोबार दोबारा पटरी पर लौटने लगा है।

गर्मी से राहत पाने और प्राकृतिक वादियों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक इन दिनों कुल्लू-मनाली पहुंच रहे हैं। ऐसे में साहसिक गतिविधियों की मांग भी बढ़ी है। रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग और एटीवी राइड के साथ-साथ हॉट एयर बैलून की सैर भी पर्यटकों की पसंदीदा गतिविधियों में शामिल हो गई है। कटराईं में संचालित हॉट एयर बैलून से पर्यटक 5 से 8 मिनट तक आसमान में उड़ान भरते हुए ब्यास घाटी के मनोरम दृश्यों का आनंद ले रहे हैं।

2500 रुपए में आसमानी सफर

पर्यटन कारोबारियों के अनुसार वर्तमान में एक व्यक्ति से हॉट एयर बैलून की सवारी के लिए लगभग 2500 रुपए शुल्क लिया जा रहा है। कुछ वर्ष पहले यही सवारी करीब 1500 रुपए में उपलब्ध थी। लेकिन गैस, उपकरणों के रखरखाव, सुरक्षा मानकों और संचालन लागत में वृद्धि के चलते किराए में बढ़ोतरी की गई है। इसके बावजूद पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। प्रतिदिन दर्जनों पर्यटक इस रोमांचक अनुभव का हिस्सा बन रहे हैं।

अनुभव कैमरा में कैद

कटराईं क्षेत्र में सुबह से लेकर शाम तक पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। हॉट एयर बैलून में बैठकर सैलानी सैकड़ों फुट की ऊंचाई से सेब के बागानों, ब्यास नदी और आसपास की खूबसूरत पहाडिय़ों का विहंगम दृश्य देखते हैं। कई पर्यटक अपने परिवार और दोस्तों के साथ इस अनुभव को कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं, जिससे अन्य पर्यटकों का आकर्षण भी बढ़ रहा है। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि गैस की कमी के कारण पिछले कुछ समय से हॉट एयर बैलून संचालन प्रभावित था। कई बुकिंग रद्द करनी पड़ी थीं और रोजगार से जुड़े लोगों को आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ा। पर्यटन सीजन अपने चरम पर होने से आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढऩे की उम्मीद है। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि कुल्लू-मनाली में साहसिक पर्यटन की बढ़ती लोकप्रियता स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App