मांगें मानों…नहीं तो 25 जून से नहीं चलेंगी बसें
परवाणू में ड्राइवर-कंडक्टर यूनियन की गेट मीटिंग, प्रदेशव्यापी जन-जागरण अभियान शुरू
निजी संवाददाता-परवाणू
परवाणू बस स्टैंड में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के ड्राइवर एवं कंडक्टर यूनियनों की संयुक्त गेट मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर चर्चा करते हुए यूनियन नेताओं ने सरकार और निगम प्रबंधन को चेतावनी दी कि यदि 24 जून 2026 तक कर्मचारियों के नाइट ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया गया, तो 25 जून को पूरे प्रदेश में एचआरटीसी बसों का संचालन ठप कर दिया जाएगा। गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए ड्राइवर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर और कंडक्टर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जीत महेंद्र ने कहा कि लंबे समय से कर्मचारियों के नाइट ओवरटाइम का भुगतान लंबित है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
इस संबंध में कई बार निगम प्रबंधन और सरकार को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। यूनियन नेताओं ने बताया कि 9 जून से शुरू हुआ गेट मीटिंग एवं जन-जागरण अभियान 24 जून तक प्रदेशभर में जारी रहेगा। इसके माध्यम से कर्मचारियों को उनकी मांगों और अधिकारों के प्रति जागरूक कर आंदोलन को मजबूत किया जा रहा है। इस दौरान संगठन मंत्री प्रमोद राठौर, परवाणू यूनियन के प्रधान विजेंद्र सिंह, महासचिव गंगा राम ठाकुर, कोषाध्यक्ष संत राम चौहान, धनविंदर सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ड्राइवर, कंडक्टर, मैकेनिक और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी कर्मचारियों ने एक स्वर में यूनियन के निर्णय का समर्थन किया और मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
