फायरिंग-धमकी प्रकरण का आरोपी गिरफ्तार, जालंधर पुलिस ने ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान में पाई सफलता
जालंधर पुलिस ने ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान में पाई सफलता, दूसरे की तलाश जारी
निजी संवाददाता-जालंधर
कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए फायरिंग और धमकी से जुड़े एक मामले को कुछ ही समय में ट्रेस कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस कमिश्नर जालंधर धनप्रीत कौर आईपीएस के दिशा-निर्देशों पर डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन जयंत पुरी, एडीसीपी 1 आक्रशी जैन, एसीपी डिवीजन अमरबीर सिंह तथा एसीपी सेंट्रल राजेश ठाकुर की निगरानी में सीआईए स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार और थाना रामामंडी के एसएचओ इंस्पेक्टर जसपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार 12 जून को थाना रामामंडी में दर्ज एफआईआर नंबर 130 के तहत भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धाराओं 109, 308, 324 तथा आम्र्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि दोपहर करीब तीन बजे दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर मामले को बेहद कम समय में सुलझा लिया। जांच के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि दूसरे आरोपी की पहचान भी कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस वारदात के पीछे किसी संगठित आपराधिक नेटवर्क का हाथ हो सकता है। पुलिस गहन जांच कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
