शिक्षा बोर्ड में प्रशासनिक फेरबदल, लंबे समय से एक ही सीट संभाले अधिकारियों के विभाग बदले

By: Jun 24th, 2026 9:48 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला

आगामी परीक्षा सत्र 2027 को लेकर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला अभी से पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। बोर्ड की कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा, तेजी और पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से मुख्यालय में एक बड़ा आंतरिक फेरबदल किया गया है। इसके तहत लंबे समय से एक ही शाखा (ब्रांच) में जमे कई अधिकारियों और कर्मचारियों के विभाग बदल दिए गए हैं और उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बड़े फेरबदल की जानकारी देते हुए शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने बताया कि यह पूर्णत: एक प्रशासनिक निर्णय है, जिसका मुख्य लक्ष्य व्यवस्था को और अधिक गतिशील व परिणामोन्मुख बनाना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जो कर्मचारी वर्षों से एक ही सीट या शाखा में काम कर रहे थे, उन्हें दूसरे विभागों में भेजा गया है। इस कदम से न केवल कर्मचारियों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान होगा, बल्कि उन्हें काम करने के नए अवसर और चुनौतियां भी मिलेंगी। इससे बोर्ड के कामकाज में नयापन आएगा और संस्थागत क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी।

टीमवर्क जरूरी

बोर्ड अध्यक्ष ने इस अवसर पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों में जोश भरते हुए टीम भावना से काम करने का आह्वान किया। डा. शर्मा ने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं और उनके परिणामों के सफल संचालन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि 2026 में बिना किसी बाधा के परीक्षाएं संपन्न करवाना और समय पर सटीक परिणाम घोषित करना कर्मचारियों के समर्पण, उत्कृष्ट समन्वय और शानदार टीमवर्क के कारण ही संभव हो पाया। अध्यक्ष ने विश्वास जताया है कि नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे सभी अधिकारी और कर्मचारी इसी पुरानी ऊर्जा, समर्पण और टीम भावना के साथ काम करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App