जुखाला कालेज में एडमिशन बंद, सरकार को घेरेगा सेव माउंट

By: Jun 11th, 2026 12:02 am

जुखाला कालेज में विज्ञान संकाय खत्म करने पर भडक़े सेव माउंट संगठन ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – बिलासपुर
जुखाला कालेज में नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत प्रथम वर्ष में प्रवेश बंद किए जाने तथा विज्ञान संकाय को समाप्त करने के निर्णय का विरोध तेज हो गया है। सामाजिक संगठन सेव माउंट ने इस फैसले को ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के हितों के खिलाफ बताते हुए प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग से इसे तुरंत वापस लेने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यदि यह निर्णय लागू रहा तो क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसर प्रभावित होंगे।

बुधवार को बिलासपुर सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सेव माउंट संगठन के अध्यक्ष पवन ठाकुर ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है और सरकार का दायित्व है कि वह ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि जुखाला कालेज लंबे समय से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं और कई विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश स्तर पर पहचान बनाई है। पवन ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जुखाला कॉलेज की छात्रा अदिति ठाकुर का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2025 में अदिति ने प्रतिदिन लगभग तीन किलोमीटर पैदल चलकर कॉलेज पहुंचते हुए अपनी मेहनत और लगन के बल पर प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया था। यह उपलब्धि साबित करती है कि यदि विद्यार्थियों को उचित अवसर और संसाधन मिलें तो वे किसी भी स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

चेतावनी

संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार और शिक्षा विभाग ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत धरना-प्रदर्शन, जनजागरण अभियान और अन्य लोकतांत्रिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगठन ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और क्षेत्र की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App