भारत में इलाज सस्ता और सुलभ
कनाडा से लौटे डाक्टर संदीप महाजन, खोले स्वास्थ्य व्यवस्था के कई राज
स्टाफ रिपोर्टर-मटौर
प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं एसएम आई अस्पताल, मटौर के निदेशक डा. संदीप महाजन हाल ही में कनाडा यात्रा से लौटे हैं। इस दौरान उन्होंने टोरंटो, मिसिसॉगा, एडमंटन, वैंकूवर, सरे और विक्टोरिया सहित कई शहरों का दौरा किया तथा वहां के विभिन्न नेत्र रोग विशेषज्ञों से मुलाकात कर स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। डा. महाजन ने बताया कि कनाडा में नेत्र चिकित्सा, विशेषकर मोतियाबिंद जैसी सर्जरी, सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के अंतर्गत नागरिकों को नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है।
हालांकि इस व्यवस्था के चलते मरीजों को आपरेशन के लिए लगभग 8 महीने से 1 वर्ष तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है, जिससे उन्हें लंबे समय तक कमजोर दृष्टि के साथ जीवनयापन करना पड़ता है उन्होंने बताया कि यदि कोई मरीज निजी अस्पताल में मोतियाबिंद का आपरेशन करवाता है तो इसमें लगभग 5,000 से 8,000 कनाडाई डॉलर ‘करीब साढ़े तीन से साढ़े पांच लाख रुपए’ तक का खर्च आता है। इसके मुकाबले भारत में यही उपचार अत्याधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण लेंसों के साथ काफी कम लागत पर उपलब्ध है। हिमाचल प्रदेश में सरकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब वर्ग को नि:शुल्क उपचार की सुविधा भी मिल रही है। डा. महाजन ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां आर्थिक स्थिति किसी भी मरीज के इलाज में बाधा नहीं बनती। सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय नेत्र रोग विशेषज्ञ आज तकनीक और अनुभव के मामले में विश्व स्तर के समकक्ष हैं। कनाडा प्रवास के दौरान उन्होंने ब्रिटिश कोलंबिया की राजधानी विक्टोरिया में एक भारतीय रेस्तरां का भी दौरा किया, जिसे हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ क्षेत्र से जुड़े उद्यमी संचालित करते हैं। वहां परोसे जा रहे भारतीय व्यंजनों की गुणवत्ता और प्रामाणिकता की सराहना की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
