मेट्रो के अंदर कॉलिंग के लिए Airtel और डाटा डाउनलोड में Jio सबसे बेहतर
नई दिल्ली। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के इलाकों में मेट्रो के अंदर वॉयस सिग्नल और डाटा अपलोड के मामले में एयरटेल का प्रदर्शन सबसे अच्छा पाया गया है जबकि डाटा डाउनलोड के मामले में रिलायंस जियो पहले स्थान पर रही। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने मेट्रो के अंदर मोबाइल सिग्नल के परीक्षण के बाद सोमवार को जारी अपनी रिपोर्ट में यह बात कही है। नमो भारत आरआरटीएस, नोएडा की एक्वालाइन और गुरुग्राम रैपिड मेट्रो समेत 15 मेट्रो लाइनों पर यह परीक्षण किया गया था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि वॉयस कॉल के लिए ड्राइव टेस्ट रूट में एयरटेल के 52,666 सैम्पलों में से 1,280 में सिग्नल स्ट्रेंथ कम पाया गया जबकि 334 में सीमित सेवा ही उपलब्ध थी। रिलायंस जियो के 52,325 सैम्पलों में से 1,297 में सिग्नल स्ट्रेंथ कम पाया गया और 595 में सीमित सेवा की उपलब्धता रही। वोडाफोन आइडिया के 52,753 सैम्पलों में से 1,490 में सिग्नल स्ट्रेंथ कम था और 294 में सीमित सेवा ही उपलब्ध थी। एमटीएनएल के 43,220 सैम्पल में से 20,768 में सिग्नल स्ट्रेंथ कमजोर था जबकि 3,039 में सीमित सेवा उपलब्ध थी।
एयरटेल के नेटवर्क से 491 सफल कॉल किये गये जिसमें पांच कॉल ड्रॉप हुए। रिलायंस जियो के नेटवर्क से 487 सफल कॉल में आठ कॉल ड्रॉप, वोडफोन इंडिया के नेटवर्क से 490 सफल कॉल में 10 कॉल ड्रॉप और एमटीएनएल के 346 सफल कॉल में 51 कॉल ड्रॉप हुए। डेटा डाउनलोड के मामले में औसत डाउनलोड स्पीड में रिलायंस जियो पहले स्थान पर रहा। रिलायंस जियो (5जी) की औसत डाउनलोड स्पीड 141.28 एमबीपीएस, एयरटेल (5जी) की 81.72 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया (5जी) की 23.94 एमबीपीएस और एमटीएनएल (4जी) की 4.30 एमबीपीएस दर्ज की गयी।
डेटा अपलोड की औसत स्पीड में एयरटेल (5जी) 25.98 एमबीपीएस के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद क्रमशः रिलायंस जियो (5जी) 19.99 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया (5जी) 16.96 एमबीपीए और एमटीएनएल (4जी) 1.84 एमबीपीएस का स्थान रहा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
