आईजीएमसी में जल्द बनेगी आठ मंजिला पार्किंग
अब पार्किंग के लिए नहीं भटकेंगे मरीज और तीमारदार; संजौली, लक्कड़ बाजार रोड से सीधे जुड़ रही नई पार्किंग
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल आईजीएमसी में वर्षों चली आ रही पार्किंग समस्या का समाधान होने वाला है। समाधान अब केवल वाहनों की सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे पूरे इलाके की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अस्पताल परिसर में बन रही आठ मंजिला आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग का काम तेजी से अंतिम चरण में पहुंच रहा है। इसका निमार्ण कार्य जोरो पर चल रहा है। इस परियोजना की खास बात यह है कि इसे केवल पार्किंग सुविधा के रूप में नहीं, बल्कि ट्रैफिक प्रबंधन के समाधान के तौर पर भी डिजाइन किया है।
नई पार्किंग को सीधे संजौली-लक्कड़ बाजार रोड से जोड़ा जा रहा है, जिससे अस्पताल आने वाले वाहनों को अंदर की सडक़ों पर दबाव बढ़ाए बिना सीधे पार्किंग तक पहुंचने का रास्ता मिलेगा। परियोजना का लगभग आधा से अधिक काम पूरा हो चुका है और शेष कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है। निर्माण एजेंसी को समय सीमा के भीतर काम खत्म करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि तय समय पर इसे जनता के लिए खोला जा सके। बता दें कि आईजीएमसी में प्रतिदिन हजारों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। प्रदेश के दूर-दराज जिलों से भी लोग इलाज के लिए यहां आते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जबकि पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को अपने वाहन काफी दूर खड़े करने पड़ते हैं। कई बार मरीजों और उनके परिजनों को वाहन पार्क करने के लिए लंबा समय इंतजार करना पड़ता है और फिर पैदल अस्पताल तक पहुंचना पड़ता है।
सडक़ों पर नहीं लगेगी जाम
अभी तक आईजीएमसी के आसपास की सडक़ों पर अवैध पार्किंग और वाहनों की लंबी कतारें आम बात रही हैं। मरीजों और उनके तीमारदारों को न केवल परेशानी उठानी पड़ती है, बल्कि इससे एंबुलेंस जैसी आपात सेवाओं की आवाजाही भी प्रभावित होती है। नई पार्किंग के चालू होने के बाद इन सडक़ों पर जाम की स्थिति में कमी आने की उम्मीद है। अक्सर देखा जाता है कि वाहन दूर खड़ा करने के बाद मरीजों को पैदल अस्पताल तक पहुंचना पड़ता है, जिससे गंभीर मरीजों को अतिरिक्त दिक्कत होती है। नई व्यवस्था के तहत पार्किंग को ओपीडी और इमरजेंसी ब्लॉक के पास बनाया जा रहा है, जिससे मरीजों की आवाजाही अधिक सुगम होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
