अटारी बॉर्डर पर एआर रहमान की ऐतिहासिक प्रस्तुति, मैं वापस आऊंगा
मुंबई। आगामी फिल्म मैं वापस आऊंगा की टीम ने अटारी बॉर्डर पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर संगीतकार ए.आर. रहमान ने प्रतिष्ठित अटारी बॉर्डर पोस्ट पर अपनी पहली लाइव प्रस्तुति देकर इतिहास रच दिया। जय हो- ए म्यूजक़िल सैल्यूट टू द ब्रेवहाट्र्स शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन प्रसिद्ध बीटिंग रिट्रीट समारोह के दौरान किया गया। जेसीपी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में हजारों दर्शक देशभक्ति और राष्ट्रभावना का उत्सव मनाने के लिए जुटे। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति के नारों, तालियों और उत्साह का माहौल बना रहा। फिल्म मैं वापस आऊंगा भारत विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित प्रेम और बिछडऩ की कहानी है। फिल्म के निर्माताओं के अनुसार इसकी कहानी विभाजन के दौर के लोगों के अनुभवों और भावनाओं से प्रेरित है।
कार्यक्रम की शुरुआत फिल्मकार इम्तियाज अली, बिरला स्टूडियोज की अनन्या बिड़ला, अभिनेता वेदांग रैना और विंडो सीट फिल्म्स के निर्माता मोहित चौधरी ने दर्शकों का स्वागत कर तथा बीएसएफ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए की। इस अवसर पर फिल्म की संगीत एल्बम को भारतीय सशस्त्र बलों के जवानों के साहस और बलिदान को समर्पित किया गया। संगीत कार्यक्रम की शुरुआत ए.आर. रहमान की प्रस्तुति चंदा सूरज लाखों तारे से हुई। इसके बाद फिल्म के गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं। मस्कारा को नीलांजना घोष और वेदांग रैना ने प्रस्तुत किया, जबकि इश्क मस्ताना को मोहित चौहान, पूजा तिवारी, नरगिस और अन्य कलाकारों ने गाया। कार्यक्रम का समापन ए.आर. रहमान की लोकप्रिय रचना मां तुझे सलाम के साथ हुआ। इस अवसर पर इम्तियाज अली ने कहा कि यह आयोजन देश की एकता, सीमा पर तैनात जवानों और प्रेम की उस भावना को समर्पित है जो सभी को एक सूत्र में बांधे रखती है। उन्होंने कहा कि मैं वापस आऊंगा विभाजन के दौरान बनी सीमाओं की पृष्ठभूमि में जन्मी एक कहानी है, जिसमें प्रेम और मानवीय भावनाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया है। फिल्म मैं वापस आऊंगा में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत इरशाद कामिल ने लिखे हैं। बिरला स्टूडियोज, अप्लॉज एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स के बैनर तले निर्मित यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
