ठियोग के अर्णव चौहान की टीम इंडिया में एंट्री, चीन में मनवाएंगे प्रतिभा का लोहा
अंडर-18 वॉलीबॉल टीम में सिलेक्शन, चीन में मनवाएंगे प्रतिभा का लोहा
स्टाफ रिपोर्टर-ठियोग
ठियोग के बलसन क्षेत्र अंतर्गत देवठी गांव के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अर्णव चौहान, पुत्र राकेश चौहान का चयन भारतीय अंडर-18 वॉलीबॉल टीम में हुआ है। अरनव आगामी पहली जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक चीन के शांगलू में आयोजित होने वाली आईएसएफ (इंटरनेशनल स्कूल स्पोट्र्स फेडरेशन) अंडर-18 वॉलीबॉल विश्व चैंपियनशिप में भारतीय 2 टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आजकल नागपुर में 29 जून तक प्रशिक्षण चल रहा है। यह उपलब्धि न केवल अर्णव चौहान और उनके परिवार के लिए, बल्कि संपूर्ण हिमाचल प्रदेश विशेषकर जिला शिमला व बलसन क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। अरनव चौहान ने अपनी प्रारंभिक खेल शिक्षा रोहड़ू छात्रावास में प्राप्त की तथा अपने अथक परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चार बार राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हंै।
उनकी इस सफलता के पीछे व अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रशिक्षक देवेंद्र चौहान का विशेष योगदान रहा है, जिनके कुशल मार्गदर्शन और तकनीकी प्रशिक्षण ने उनके खेल कौशल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इसके अतिरिक्त शिमला स्थित इंदिरा गांधी खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रशिक्षक सतीश शर्मा द्वारा प्रदान किए गए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, प्रेरणा और तकनीकी मार्गदर्शन ने भी अर्णव चौहान के व्यक्तित्व और खेल क्षमता के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। हिमाचल प्रदेश के निदेशालय में कार्यरत खेल विभाग के स्पोट्र्स डिप्टी डायरेक्टर संतोष चौहान के मार्गदर्शन से और प्रशिक्षकों के समर्पित प्रयासों तथा खिलाड़ी की अथक मेहनत का ही परिणाम है कि आज अरनव चौहान अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय तिरंगे का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। अरनव चौहान की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेश के विभिन्न प्रशासनिक एवं खेल अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
