आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तोडफ़ोड़
बायोमेडिकल वेस्ट पिट किए तबाह, हजारों का किया नुकसान
स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत कसारू के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर बधाघाट में अज्ञात शरारती तत्वों ने रात के अंधेरे में जमकर तोडफ़ोड़ कर दी। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बने बायोमेडिकल वेस्ट पिटों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जबकि परिसर में रखी गई कूड़ेदान की बाल्टी का कूड़ा भी चारों ओर बिखेर दिया गया। घटना से स्वास्थ्य विभाग को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। गुरुवार सुबह जब फीमेल हेल्थ वर्कर दीक्षा और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) अंकिता ड्यूटी पर पहुंचीं तो उन्होंने परिसर में तोडफ़ोड़ के निशान देखे। जांच में पाया गया कि पिटों के ऊपर लगे लोहे के एंगल और तालों को बड़े पत्थरों से तोडऩे का प्रयास किया गया है।
ये पिट सिरिंज, सूइयों और अन्य बायोमेडिकल कचरे के सुरक्षित भंडारण के लिए बनाए गए हैं। बताया जा रहा है कि इन पिटों की करीब एक माह पहले ही मरम्मत करवाई गई थी, जिस पर विभाग ने हजारों रुपए खर्च किए थे। ऐसे में दोबारा हुई तोडफ़ोड़ से विभाग को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ व्यवस्थागत परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। घटना को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी नशेड़ी ने नशे की सामग्री की तलाश में यह हरकत की हो, कुछ लोगों का मानना है कि लोहे के एंगल चोरी करने की नीयत से किया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
