कुठेड़ा-खैरला में गूंजे बाबा बाल जी के प्रवचन
राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने रुद्र संकल्प सोसायटी की गोशाला में की गोसेवा
स्टाफ रिपोर्टर – अंब
राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने रुद्र संकल्प सोसाइटी की गौशाला, कुठेड़ा-खैरला (अंब) पहुंचकर श्रद्धालुओं को अपने प्रवचनों से लाभान्वित किया। इस अवसर पर उन्होंने गोवंश की सुरक्षा, संवर्धन एवं गोसेवा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। बाबा बाल जी महाराज ने कहा कि गोसेवा से बढक़र कोई सेवा नहीं है। उन्होंने बताया कि शास्त्रों में गोमाता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना गया है, इसलिए गौसेवा का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है।
उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के समय में की जाने वाली गौसेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि गौमाता की सेवा से मनुष्य को आध्यात्मिक शांति, पुण्य तथा सामाजिक कल्याण की प्राप्ति होती है। उन्होंने उपस्थित संगत से गोवंश की रक्षा और गौशालाओं के सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस दौरान बाबा बाल जी महाराज ने रुद्र संकल्प सोसायटी के संचालक अजय शर्मा द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
गोशाला को दान किए एक लाख
गोसेवा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए बाबा बाल जी महाराज ने गोशाला समिति को एक लाख रुपए की सहयोग राशि प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और संत के आशीर्वाद प्राप्त किए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
