62 करोड़ से चमकेगा बाबा बालकनाथ मंदिर
बाबा बालकनाथ मंदिर का बदलेगा स्वरूप, श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
निजी संवाददाता – दियोटसिद्ध
उत्तरी भारत के सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। एशियाई विकास बैंक के सहयोग से लगभग 62 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित विकास परियोजना के तहत दो नए भवनों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। परियोजना के पूरा होने के बाद मंदिर परिसर का स्वरूप और अधिक भव्य एवं सुविधाजनक होगा। निर्माण कार्य आरंभ होने से पूर्व श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी संबंध में उपमंडल अधिकारी एवं मंदिर न्यास अध्यक्ष स्वाति डोगरा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महंत श्री श्री 1008 राजेंद्र गिरी महाराज, लोक निर्माण विभाग चकमोह के अधिकारी, एडीबी के प्रतिनिधि तथा मंदिर न्यास के कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में निर्माण कार्य के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों को होने वाली संभावित असुविधाओं को कम करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि गेट नंबर-5 से गुफा तक श्रद्धालुओं के लिए एक वैकल्पिक अस्थायी मार्ग तैयार किया जाएगा।
बाबा के दरबार में महा-बदलाव
निर्माण कार्य को गति देने के लिए गेट नंबर-5 के समीप स्थित सीढिय़ों और उनके ऊपर बनी कैनोपी को हटाया जाएगा, जिससे निर्माण सामग्री और भारी उपकरणों की आवाजाही सुगमता से हो सके। न्यास अध्यक्ष स्वाति डोगरा ने कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
