बैजनाथ की चौगान पंचायत को मिला सम्मान
विश्व पर्यावरण दिवस पर पंचायत को मिला राज्य स्तरीय दूसरा पुरस्कार, 25 हजार रुपए का मिला इनाम
स्टाफ रिपोर्टर – धर्मशाला
प्रदेश के कांगड़ा जिला की ग्राम पंचायत चौगान ने प्रदेश राज्य वार्षिक पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार 2025-26 में पंचायत श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह समारोह पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा जलवायु परिवर्तन विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित किया गया। यह पुरस्कार पांच जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिमला के रिज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा प्रदान किया गया। इस पुरस्कार के लिए सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया गया, जिसमें उनके कार्यों और उपलब्धियों को परखा गया। जिला कांगड़ा के बैजनाथ ब्लॉक में स्थित ग्राम पंचायत चौगान ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए इस पुरस्कार हेतु आवेदन किया था। पंचायत का यह काम मुख्य रूप से वेस्ट वारियर्स सोसायटी की मदद से संभव हो सका, जो पिछले चार वर्षों से पंचायत और एक स्थानीय उद्यमी के साथ मिलकर कचरा संग्रहण का कार्य कर रही है।
संस्था की प्रतिनिधि दिया। बत्रा ने बताया कि चौगान पंचायत में स्थानीय निवासी, तिब्बती, दीर्घकालिक निवासी और व्यावसायिक प्रतिष्ठान सभी शामिल हैं। हर महीने 4.34 मीट्रिक टन सूखा कचरा एकत्रित किया जाता है। अप्रैल 2025 से अप्रैल 2026 के बीच कुल 52.6 मीट्रिक टन सूखा कचरा एकत्रित कर आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा गया। इस सम्मान के साथ, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम पंचायत चौगान को 25 हजार की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है। यह उपलब्धि पूरे समुदाय की जागरुकता, भागीदारी और अटूट सहयोग का परिणाम है। उल्लेखनीय है कि धर्मशाला की शिल्ला भटेहड़ ग्राम पंचायत ने भी इसी पुरस्कार समारोह में प्रथम स्थान प्राप्त किया और 50 हजार की पुरस्कार राशि जीती। शीला भूटेहड़ पंचायत भी वेस्ट वारियर्स सोसायटी के साथ मिलकर एक टिकाऊ कचरा प्रबंधन मॉडल स्थापित कर उसे चला रही है।
हर गांववासी के लिए गर्व की बात
पंचायत प्रधान निगेश ठाकुर ने बताया कि पुरस्कार चौगान के हर निवासी के लिए गर्व की बात है। हमें उम्मीद है कि इस उपलब्धि से हमारा समुदाय और अधिक उत्साह के साथ कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण में भाग लेगा, ताकि हम मिलकर चौगान को पूरे राज्य को एक आदर्श पंचायत बना सकें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
