नयनादेवी में भाजपा का परचम

By: Jun 17th, 2026 12:02 am

दीपक शर्मा नगर निगम के अध्यक्ष निर्वाचित, नीना शर्मा उपाध्यक्ष

निजी संवाददाता-नयनादेवी
श्री नयनादेवी नगर परिषद के चुनाव में भाजपा समर्थित दीपक शर्मा को अध्यक्ष व नीना शर्मा को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। इस अवसर पर विधायक रणधीर शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की नई टीम क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का कार्य करेगी। विधायक रणधीर शर्मा ने सभी पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी सदस्यों ने आपसी सहयोग और विश्वास का परिचय देते हुए सर्वसम्मति से नेतृत्व का चयन किया है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के विश्वास और विकास की सोच की जीत है।

उन्होंने जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि श्री नैना देवी जी क्षेत्र की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर जो भरोसा जताया है उसके लिए पार्टी सदैव आभारी रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता हमेशा जनसेवा और क्षेत्र का समग्र विकास रही है तथा नगर परिषद भी इसी उद्देश्य को लेकर आगे बढ़ेगी। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक शर्मा और उपाध्यक्ष नीना शर्मा से उम्मीद जताई कि वे सभी पार्षदों को साथ लेकर नगर परिषद के विकास के लिए कार्य करेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और क्षेत्र के विकास के लिए नई टीम से बेहतर कार्य की उम्मीद जताई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App