भवारना बीडीसी में भाजपा का परचम, रीना अध्यक्ष-सुखदेव उपाध्यक्ष

By: Jun 17th, 2026 12:03 am

भवारना विकास खंड समिति के चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने दर्ज की जीत, पद-गोपीनयता की दिलाई शपथ

निजी संवाददाता- भवारना
भवारना विकास खंड समिति बीडीसी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को संपन्न हुए चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। भवारना वार्ड से रीना धीमान को बीडीसी अध्यक्ष तथा घनेटा वार्ड से सुखदेव मसंद को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। भवारना विकास खंड की 15 पंचायत समिति सदस्यों वाली समिति में अध्यक्ष पद के लिए रीना धीमान का निर्वाचन निर्विरोध हुआ, वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में मतदान करवाया गया, जिसमें भाजपा समर्थित सुखदेव मसंद ने कांग्रेस समर्थित नरेंद्र ठाकुर को एक मत से पराजित किया। चुनाव परिणाम के अनुसार सुखदेव मसंद को आठ मत प्राप्त हुए, जबकि नरेंद्र ठाकुर को सात मत मिले। चुनाव एसडीएम पालमपुर डा. ओपी यादव की देख रेख में संपन्न हुए। उन्होंने इस दौरान अध्यक्ष रीना धीमान और उपाध्यक्ष सुखदेव सिंह को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह पंचायत समिति के उद्देश्य को पूरा करेंगे और आगामी पांच साल में ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।

नवनियुक्त अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को इस दौरान पद और गोपनीयता का शपथ भी दिलाई गई। निर्वाचन के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष रीना धीमान ने सभी पंचायत समिति सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सदस्यों ने उन पर जो विश्वास जताया हैए वह उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी पंचायतों के समग्र विकास के लिए कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने सुलाह विधानसभा क्षेत्र के विधायक विपिन सिंह परमार का भी विशेष धन्यवाद किया। वहीं नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष सुखदेव मसंद ने भी सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण भाव से किया जाएगा तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए अध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कार्य करेंगे। इस अवसर पर सुलह के विधायक विपिन परमार ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App