बस में आधी सवारियों का टांका लगाता धरा कंडक्टर, रात नौ बजे डीएम हमीरपुर ने 1971 रुपए की हेराफेरी पकड़ी

By: Jun 17th, 2026 12:01 am

चंडीगढ़ से हमीरपुर आ रही निगम की एसी बस का मामला

ऊना से हमीरपुर तक नौ सवारियों को नहीं दिए थे टिकट

कार्यालय संवाददाता — हमीरपुर

हिमाचल पथ परिवहन निगम के एक कंडक्टर को बस की आधी सवारियों का टांका लगाते रंगे हाथ पकड़ा गया है। डीएम हमीरपुर की टीम ने डिडवीं टिक्कर में रात नौ बजे जैसे ही बस को चैकिंग के लिए रोका, तो बस में आधे यात्री बिना टिकट के ही सफर कर रहे थे। ऐसे में कंडक्टर को 1971 रुपए का टांका लगाते पकड़ा गया है। कंडक्टर के खिलाफ रिपोर्ट बनाकर विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है। बता दें कि एचआरटीसी के ऊना डिपो की चंडीगढ़ से हमीरपुर आ रही एसी बस सोमवार रात नौ बजे जैसे ही डिडवीं टिक्कर के पास पहुंची, तो डीएम हमीरपुर राजकुमार पाठक और उनकी टीम चीफ इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बस को चैकिंग के लिए रोक लिया। बस में18 सवारियों में से नौ बिना टिकट के सफर कर रही थीं, जोकि ऊना से हमीरपुर आ रही थीं। हालांकि यात्रियों ने कंडक्टर को टिकट के पैसे दे दिए थे, लेकिन कंडक्टर ने उनकी टिकट नहीं बनाई थी। ऐसे में कंडक्टर रंगे हाथ दबोचा गया। डीएम हमीरपुर व उनकी टीम ने कंडक्टर के खिलाफ 1971 रुपए की टांके की रिपोर्ट बनाई और उसे फटकार भी लगाई। कंडक्टर के टांके की रिपोर्ट ऊना डिपो में भेज दी गई है, ताकि आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा सके।

बताया जा रहा है कि आरोपी कंडक्टर हाल ही में दूसरे डिपो से ट्रांसफर होकर ऊना डिपो में आया था और यहां हमीरपुर डिवीजन के मंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक के हाथ चढ़ गया। डीएम राजकुमार पाठक अब तक एक दर्जन से अधिक कंडक्टरों को टांके के केस में पकड़ चुके हैं। उधर, डीएम राजकुमार पाठक ने बताया कि चंडीगढ़ से हमीरपुर आ रही एसी बस के कंडक्टर को डिडवीं टिक्कर में टांका लगाते रंगे हाथ पकड़ा गया है। ऊना डिपो के कंडक्टर ने बस की आधी सवारी का टांका लगा रखा था, जिसके खिलाफ टांके की रिपोर्ट बनाकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। कंडक्टर के टांके की रिपोर्ट ऊना डिपो को भेज दी गई है। अब वही आगामी कार्यवाही अमल में लाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App